'सीएम योगी ने एनकाउंटर और यमराज के पास पहुंचाने में पुलिस को दी है खुली छूट'- सपा नेता
बलिया। लखनऊ शूटआउट के बाद यूपी की सियासत गरमा गई है। एप्पल में बतौर एरिया मैनेजर काम करने वाले विवेक तिवारी की मौत शुक्रवार रात गोली लगने से हो गई। परिवार इस मामले की सीबीआई जांच करने पर अड़ा हुआ है वहीं, विवेक की पत्नी ने सीएम योगी आदित्यनाथ से मिलने की गुहार लगाई है। पुलिस द्वारा ह्त्या करने के मामले में सपा नेता रामगोविंद चौधरी ने योगी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा है कि ये योगी राज नहीं बल्कि आम जनता के लिए यमराज साबित हो रहा है। एक निर्दोष की गोली मारकर हत्या मुख्यमंत्री योगी की देन है। जिस तरह उन्होंने यमराज के पास पहुंचाने और एनकाउंटर करने को पुलिस को खुली छूट दी है उसका ये नतीजा है। अब तो पुलिस निर्दोषों को भी सरेआम गोली मारने लगी है।

इस मामले में पुलिस की दलील को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि जो व्यक्ति काम से लौटते हुए अपनी सहयोगी को घर छोड़ने जा रहा है वो गाड़ी चलाते हुए आपत्तिजनक स्थिति में कैसे हो सकता है। पुलिस ने प्रमोशन और इनाम पाने के लिए इनकाउंटर किया है। रामगोविंद चौधरी ने पीड़ित परिवार को 15 से 20 करोड़ रुपये देने और पत्नी को नौकरी और बच्चियों के पढ़ाई की व्यवस्था देने की मांग की है।

मुख्यमंत्री योगी पर निशाना साधते हुए रामगोविंद चौधरी ने कहा कि योगी जी भय और आतंक का राज कायम करना चाहते है क्योंकि हर तानाशाह जनता को भयभीत करके राज करना चाहता है। पीड़ित परिवार को सांत्वना देने मुख्यमंत्री को उनके घर जाना चाहिए। अगर अखिलेश मुख्यमंत्री होते तो पीड़ित परिवार से मिलने जरूर जाते और अपनी गलती को भी मानते।
ये भी पढ़ें- लखनऊ शूटआउट: बैकुंठ धाम में हुआ विवेक का अंतिम संस्कार, बड़े भाई ने दी मुखाग्नि












Click it and Unblock the Notifications