यूपी: फेसबुक पर फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजकर करते थे ठगी, ऐसे चढ़े पुलिस के हत्थे
हापुड़। ऑनलाइन ठगी करने वाले एक नाइजीरियन और एक मिजोरम के युवक को हापुड़ पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दोनों युवकों ने जिले की गढ़मुक्तेश्वर आबकारी निरीक्षक के देवर को फेसबुक पर फर्जी फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजकर अपने झांसे में फंसाया और बाद में अलग-अलग खातों में उससे करीब साढ़े आठ लाख रुपये ठग लिए। इस बात की जानकारी आबकारी निरीक्षक ने उच्चाधिकारियों को दी। जिसके बाद पुलिस ने मोबाइल नंबर और फेसबुक आईडी की मदद से दो ठगों को गिरफ्तार कर लिया।

आबकारी निरीक्षक सीमा कुमार ने कोतवाली में तहरीर दी। तहरीर में बताया कि उनके देवर मुकेश कुमार को दो माह पहले नैंसी विलियम्स ने फेसबुक के माध्यम से एक मित्रता का निमंत्रण भेजा गया। इस निमंत्रण को उसके देवर ने स्वीकार कर लिया और थोड़े दिन बाद ही दोनों के बीच मैसेंजर पर वार्ता का दौर शुरू हो गया था। इसे दौरान नैंसी विलियम्स ने उनके देवर को अपनी बातों में फंसा लिया और दिल्ली के चार अलग-अलग खातों में करीब साढ़े आठ लाख रुपये जमा कराए। उनके देवर को बैंक खाते में जमा कराए गए रुपये दोगुने करने का झांसा भी दिया गया था। लेकिन रुपये जमा कराने के बाद उनके रुपये जब्त कर लिए गए। इस बात की जानकारी थोड़े दिन बाद मुकेश कुमार ने अपनी भाभी को दी।

उन्होंने इस घटना से पुलिस को अवगत कराया। बता दें कि पुलिस ने इस मामले को धोखाधड़ी और अन्य धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया। कोतवाली प्रभारी पंकज लवानिया और सर्विसलांस के प्रभारी राहुल चौधरी ने खातों की जांच पड़ताल करने के बाद दिल्ली के जीवन पार्क में रहे मिजोरम निवासी जोमिंग माबिया और दिल्ली के डाबड़ी में रह रहे नाइजीरियन निवासी ब्लैस्ड चार्ल्स को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए दोनों अभियुक्तों से पुलिस ने एक लैपटॉप, दो मोबाइल फोन, एक पासपोर्ट और तीन एटीएम कार्ड बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियो ने अपना जुर्म स्वीकार किया है। दोनों को मंगलवार को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। साथ ही नाइजीरियन दूतावास को भी इस बात की सूचना भेजी जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications