UP Nikay chunav: बीजेपी ने चुनाव प्रचार में झोंकी ताकत, अखिलेश भी एक मई से करेंगे आगाज
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जहां चुनाव प्रचार में पूरी ताकत झोंक दी है वहीं दूसरी ओर अब अखिलेश यादव भी अपने चुनाव अभियान की शुरूआत करने जा रहे हैं।

UP Nikay chunav: उत्तर प्रदेश निकाय चुनाव में अब समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) भी पूरी ताकत के साथ उतरेगी। सपा के नेताओं की माने तो अखिलेश यादव एक मई से निकाय चुनाव के लिए प्रचार शुरू करेंगे। इसके तहत वह दो मई को लखनऊ में रोड शो भी करेंगे। अखिलेश यादव के चुनाव प्रचार को लेकर सपा में कई बैठकें हो चुकी हैं।
सपा ने खींचा लखनऊ में अखिलेश के प्रचार का खांका
इससे पहले समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने लखनऊ स्थित पार्टी कार्यालय में पार्टी नेताओं के साथ बैठक की थी। इस बैठक में लखनऊ की सभी 9 विधानसभाओं के प्रभारियों के साथ 110 वार्डों के प्रभारी भी मौजूद थे। इनके अलावा चुनाव संचालन समिति सदस्य व मेयर प्रत्याशी वंदना मिश्रा भी मौजूद रहीं।
योगी एक दिन में 5-5 रैलियां कर रहे हैं। अगले 13 दिनों में मुख्यमंत्री की 65 रैलियां प्रस्तावित हैं। ऐसे में देखना होगा कि अखिलेश यादव सीएम योगी को कैसे टक्कर देते हैं।
निकाय चुनाव बीजेपी के प्रतिष्ठा की लड़ाई
एक तरफ जहां भाजपा ने निकाय चुनाव को प्रतिष्ठा की लड़ाई में तब्दील कर दिया है और सीएम योगी आदित्यनाथ प्रचार अभियान का नेतृत्व कर रहे हैं, लेकिन विपक्षी दलों के प्रमुख चेहरे चुनाव से गायब हैं। सपा प्रमुख अखिलेश यादव और उनके चाचा शिवपाल कभी-कभार कार्यकर्ताओं और उम्मीदवारों के साथ बैठक कर रहे हैं। बसपा प्रमुख मायावती ने पार्टी के क्षेत्रीय समन्वयकों को प्रचार में लगा रखा है। वहीं कांग्रेस नेताओं राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा भी अपने उम्मीदवारों के प्रचार में नहीं उतरे हैं।
यूपी बीजेपी के प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी ने कहा,
इसमें कोई शक नहीं है कि सीएम योगी अपने बड़े राजनीतिक कद और आक्रामक कार्यशैली को देखते हुए यूपी में पार्टी का सबसे बड़ा चेहरा हैं।' उन्होंने कहा कि भाजपा एक ऐसी पार्टी है जो हर चुनाव को गंभीरता से लेती है। इस बार भी पार्टी बड़ी जीत हासिल करने के लिए कड़ी मेहनत कर रही है।
जनता की नाराजगी की वजह से बीजेपी के नेता सक्रिय
हालांकि, विपक्षी खेमे का दावा है कि भाजपा अपनी नीतियों के प्रति बढ़ती सार्वजनिक नाराजगी को देखते हुए "चिंतित" है इसलिए वह पूरा जोर लगा रही है। सपा के प्रवक्ता राजीव राय ने कहा कि सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव एक मई से लखनऊ में प्रचार करेंगे। लोग बीजेपी की नीतियों के खिलाफ हैं और काफी नाराज हैं इसलिए सीएम को इतनी रेलियां करनी पड़ रही हैं।












Click it and Unblock the Notifications