UP News: नए मदरसों को जल्द मान्यता दे सकती है योगी सरकार, जानिए क्या लग रही हैं अटकलें
उत्तर प्रदेश सरकार जल्द ही यूपी में कुछ नए मदरसों को शर्तों के साथ मान्यता दे सकती है। इसपर मंथन शुरू हो गया है।
Chief Minister Yogi: उत्तर प्रदेश सरकार मदरसों को मान्यता देने की प्रक्रिया फिर से शुरू कर सकती है। आठ साल के अंतराल के बाद इस प्रक्रिया को दोबारा शुरू किए जाने पर सरकार मंथन कर रही है। अधिकारियों की माने तो जल्द ही इसको लेकर बड़ा कदम उठाया जा सकता है।

मान्यता के लिए लंबित आवेदनों पर विचार करने के लिए यूपी मदरसा शिक्षा बोर्ड अगले सप्ताह बैठक करेगा। यूपी बोर्ड ऑफ मदरसा एजुकेशन के अध्यक्ष इफ्तिखार अहमद ने कहा कि बैठक में मान्यता के नवीनीकरण, मदरसों के उन्नयन और संबंधित मामलों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
8 साल पहले सरकार ने दी मदरसों को मान्यता
यहां बता दें कि राज्य में वर्ष 2015 में करीब 1500 मदरसों को मान्यता दी गयी थी और 100 मदरसों को राज्य की अनुदान सहायता सूची में शामिल किया गया था। राज्य में लगभग 16,700 मान्यता प्राप्त मदरसे हैं, जिनमें से 560 वित्त पोषित हैं। इसके अतिरिक्त, 8,000 से अधिक मदरसे अभी भी गैर-मान्यता प्राप्त हैं।
मदरसों के खिलाफ चल रही शिकायतों की हो रही जांच
अहमद ने कहा कि बैठक के दौरान मदरसों के खिलाफ कई शिकायतें भी उठाई जाएंगी। उन्होंने कहा कि शिकायतें मदरसा शिक्षकों के अन्य इस्लामिक धार्मिक संस्थानों में कई पदों पर रहने से भी संबंधित हैं।
यूपी में 8 हजार गैर मान्यता प्राप्त मदरसे
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने कुछ दिनों पहले ही मदरसों का सर्वे कराया था जिसमें जानकारी आई थी कि यूपी में लगभग 8 हजार मदरसे मिले हैं जो गैर मान्यता प्राप्त हैं। सर्वे के पूरा होने के बाद अब सरकार की नजर उन मदरसों पर है जिन्होंने अपने फंडिंग के स्रोत की सही जानकारी नहीं दी है।
सरकार ने मदरसों की कराई थी जांच
अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री धर्मपाल सिंह ने अपने विभाग के अधिकारियों को सख्त हिदायत दी थी कि राज्य सरकार द्वारा हाल ही में कराये गये सर्वेक्षण के दौरान ऐसे मदरसों की पहचान की जाये जिन्होंने अपने फंडिंग के स्रोत के बारे में जानकारी नहीं दी है या पारदर्शी तरीके से इसका विवरण नहीं दिया है।












Click it and Unblock the Notifications