Gorakhpur News: DDU University के अंग्रेजी विभाग में अब छात्रों को मिलेगी यह खास सुविधा
Gorakhpur News: दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के अंग्रेजी विभाग में विभागीय पुस्तकालय एलूमनी एथिनियम का उद्घाटन बड़े उत्साह के साथ संपन्न हुआ। यह पुस्तकालय विभाग के पूर्व छात्रों के सहयोग से स्थापित किया गया है और इसे शैक्षणिक उत्कृष्टता की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
कार्यक्रम की शुरुआत में कुलपति प्रोफेसर पूनम टंडन का फूलों के गुलदस्ते से विभागाध्यक्ष प्रो अजय शुक्ला द्वारा स्वागत किया गया। इसके पश्चात उन्होंने रिबन काटकर पुस्तकालय का औपचारिक उद्घाटन किया। विभाग के अध्यक्ष प्रो. अजय कुमार शुक्ल ने उन्हें स्मृति चिह्न भेंट किया और सम्मान स्वरूप एक पुस्तक भी भेंट की, जो ज्ञान और सीखने के प्रतीक के रूप में प्रस्तुत की गई।

इस पुस्तकालय को विशेष रूप से श्री एन.एन.डी. दुबे, कीर्ति चक्र से सम्मानित (1984 बैच) के योगदान से समृद्ध किया गया है, जिन्होंने 200 से अधिक नई पुस्तकें दान की हैं। इसके अतिरिक्त, डॉ. मधुलिका त्रिपाठी और श्री राहुल तिवारी ने भी पुस्तकालय के लिए अपना योगदान दिया। निकट भविष्य में अन्य पूर्व छात्रों के योगदान की भी उम्मीद है।
अपने संबोधन में, कुलपति प्रोफेसर पूनम टंडन ने विभाग की पहल की सराहना करते हुए कहा कि अंग्रेजी विभाग बहुत ही अद्भुत कार्य कर रहा है। यह पुस्तकालय एक नवाचारपूर्ण पहल है और छात्रों के लिए बहुत लाभकारी सिद्ध होगा। इस पहल को मूर्त रूप देने के लिए उन्होंने विभागाध्यक्ष प्रो अजय शुक्ल की सराहना की .
विभागाध्यक्ष प्रो. अजय कुमार शुक्ल ने कहा कि यह पुस्तकालय केवल पुस्तकों का संग्रह नहीं है, बल्कि यह एक ऐसा स्थान है जहां विचार पनपेंगे और विद्वान प्रेरित होंगे। प्रो. अजय शुक्ल ने बताया कि अब तक विभाग में अपना कोई पुस्तकालय नहीं था। कुलपति की प्रेरणा से विभाग ने इस पहल की शुरुआत की है। विभाग के पूर्व छात्रों ने सैकड़ों नई पुस्तकें पुस्तकालय के लिए प्रदान की हैं और भविष्य में भी उनका योगदान जारी रहेगा।
शोध छात्रों ने भी इस पहल पर अपनी खुशी व्यक्त की। शोध छात्रा ऋचा पल्लवी ने कुलपति का आभार व्यक्त करते हुए कहा, कि यह देखकर बहुत खुशी हो रही है कि हमारे पास अब एक ऐसा स्थान है जहां हम अध्ययन और शोध के लिए आसानी से काम कर सकते हैं।
उद्घाटन समारोह में विभाग के शिक्षक, छात्र और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। इस आयोजन का सफल संचालन शोध छात्रों की एक समर्पित समिति द्वारा किया गया, जिसमें अंकित, नितेश सिंह, हर्षिता, ज़हरा शमशीर, मुक्तेश, अदिति, सुरभि मालवीय, श्रेया पांडेय, अंजलि, ऋचा पल्लवी, और जाग्रति ओझा शामिल थे।
प्रो. शुक्ल ने बताया कि लाइब्रेरी में पीजी एवं शोध से जुड़ी हुई पुस्तकों को रखा गया है। विभाग की मासिक पत्रिका साहित्य विमर्श के सभी संस्करणों एवं अंग्रेजी की अन्य पत्रिकाओं एवं समाचार पत्रों को भी लाइब्रेरी में रखा गया है।प्रो. अजय शुक्ल ने यह भी बताया कि इस पुस्तकालय का सीधा लाभ शोधार्थियों और परास्नातक छात्रों को मिलेगा। शोधार्थी पुस्तकालय में बैठकर अपने शोधकार्य करेंगे, जिससे उनके अध्ययन और अनुसंधान की गुणवत्ता में सुधार होगा।












Click it and Unblock the Notifications