UP Mausam Alert: लखनऊ से वाराणसी तक आसमान से बरस रही आग, जानें उत्तर प्रदेश में कब तक जारी रहेगा गर्मी का कहर
UP Mausam alert: उत्तर प्रदेश में मई का महीना तपिश के नए रिकॉर्ड बना रहा है। राज्य में इन दिनों तेज गर्म हवाओं ने लोगों को बेहाल कर दिया है और आने वाले कुछ दिनों में इसमें और तेजी आने की आशंका है। मौसम विभाग ने 15 से 18 मई तक राज्य के कई जिलों में लू को लेकर चेतावनी जारी की है। खासतौर पर 16 मई को लू का असर सबसे ज्यादा देखने को मिल सकता है।
लखनऊ, वाराणसी, प्रयागराज, झांसी, सुल्तानपुर, गोरखपुर और बहराइच समेत लगभग 15 जिलों में बुधवार को तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आने वाले दो दिन और भी कठिन हो सकते हैं।

मौसम विभाग के अनुसार 16 मई को प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में तेज लू चलेगी और तापमान 44 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है। इसके बाद 17 मई से कुछ जिलों में मौसम हल्का बदल सकता है और बारिश की हल्की बूंदें राहत ला सकती हैं।
बांदा में देश का सबसे ज्यादा तापमान, 44.2 डिग्री दर्ज
लखनऊ स्थित आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, मंगलवार को बांदा में पारा 44.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। यह पूरे देश में उस दिन का सबसे अधिक तापमान रहा।
प्रचंड गर्मी का असर सिर्फ बांदा ही नहीं, बल्कि झांसी, गाजीपुर, आजमगढ़, बलिया, मऊ, देवरिया, संतकबीरनगर, कुशीनगर, बस्ती, गोंडा, श्रावस्ती और बलरामपुर तक महसूस किया गया। इन जिलों में भीषण गर्मी के चलते दिन के समय सड़कों पर सन्नाटा नजर आया।
लू से बचने के लिए सरकार की चेतावनी
राज्य सरकार और मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि दोपहर 12 से शाम 4 बजे तक घर से बाहर निकलने से बचें।
साथ ही पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, हल्के और सूती कपड़े पहनने और सिर को ढककर निकलने की सलाह दी गई है। बच्चों और बुजुर्गों को खास सतर्कता बरतने को कहा गया है।
17 मई के बाद मौसम में बदलाव के संकेत
बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रोफेसर मनोज कुमार श्रीवास्तव के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बन रहे सिस्टम का असर उत्तर भारत के मौसम पर पड़ेगा। इससे 17 मई के बाद उत्तर प्रदेश के तराई क्षेत्रों में बादल छाने और हल्की बारिश की संभावना बन रही है।
हालांकि, बारिश की तीव्रता इतनी नहीं होगी कि तापमान में कोई बड़ा अंतर आए। लू की तीव्रता में मामूली कमी जरूर दर्ज की जा सकती है, लेकिन गर्मी का दौर अभी खत्म नहीं होगा।
यूपी के प्रमुख शहरों में बढ़ा तापमान
बुधवार को राजधानी लखनऊ में अधिकतम तापमान 41.4 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री दर्ज किया गया। आगरा में पारा 41.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23.8 डिग्री रहा।
कानपुर में अधिकतम 40.2 और न्यूनतम 24.6 डिग्री सेल्सियस रहा, वहीं मेरठ में 38.9 डिग्री दर्ज किया गया। वाराणसी में अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री और न्यूनतम 27.1 डिग्री रहा, जो राज्य में सबसे गर्म शहरों में से एक बना रहा।
तेज धूप और लू से जनजीवन प्रभावित
गर्मी के चलते शहरों की सड़कों और बाजारों में रौनक कम दिखाई दी। आम जनता के साथ-साथ दुकानदार और यात्री भी दिन के समय गर्मी से बचने के लिए छांव की तलाश में नजर आए।
अस्पतालों में लू से प्रभावित मरीजों की संख्या बढ़ रही है। डॉक्टरों ने सलाह दी है कि तेज धूप में निकलने से परहेज करें और शरीर को हाइड्रेट रखें।
स्वास्थ्य विभाग ने लू से बचाव को लेकर एडवाइजरी जारी की है। इसके तहत बाहर निकलते समय सिर ढकने, छाता या टोपी का उपयोग करने, नमक-शक्कर का घोल पीने और गहरे रंग के कपड़े न पहनने की सलाह दी गई है।












Click it and Unblock the Notifications