योगी सरकार ने शिव मंदिर को भेजा नोटिस, अब क्या 'भोले बाबा' भरेंगे टैक्स?
करीब सवा लाख रुपए का हाउस टैक्स चुकाने का नोटिस मिलने के बाद मंदिर प्रबंधन सकते में है जबकि कानून के अनुसार प्रदेश के धार्मिक स्थान कर मुक्त हैं।
इलाहाबाद। योगी सरकार ने संगमनगरी के एक प्राचीन शिव मंदिर की मुश्किल बढ़ा दी है। शिव मंदिर को नगर निगम ने नोटिस भेजा है। अब भोले भण्डारी को हाउस टैक्स चुकाना है। वह भी 1.17 लाख का। सवाल यह है कि क्या 'भोले बाबा' भरेंगे टैक्स? यह सवाल इसलिए भी लाजिमी है क्योंकि यूपी गृहकर अधिनियम की धारा 177 के अनुसार प्रदेश के सभी मंदिर, मस्जिद, चर्च और गुरुद्वारे हाउस टैक्स मुक्त हैं। फिलहाल योगी सरकार का संगम नगरी में यह पहला रिएक्शन है। जिससे साधू-संत परेशान हैं। नोटिस मिलने के बाद भक्त और मंदिर प्रबन्धन गुस्से में है कि आखिर यह क्या हो रहा है?

नगर निगम की अजीब नोटिस
शहर के चौक इलाके में हाटकेश्वर महादेव मंदिर है। यह संगम नगरी के सबसे पुराने शिव मंदिर में से एक है। हाटकेश्वर महादेव मंदिर हर रोज भारी भीड़ जुटती है। लेकिन अब नगर निगम ने एक नोटिस भेजा है। उस नोटिस के मुताबिक मंदिर के केयरटेकर्स ने हाउस टैक्स नहीं जमा नहीं किया है। मौजूदा समय में मंदिर पर 1 लाख 17 हजार रुपये का टैक्स बकाया है। बकाये की रिकवरी के लिये नगर निगम ने यह नोटिस जारी कर दिया और मंदिर के पुजारी को नोटिस थमा दी है।

अब भोले भरें टैक्स
इलाहबाद नगर निगम ने तो भोले भण्डारी के ऊपर ही लाखों के टैक्स का नोटिस जारी कर दिया है। अब प्राचीन शिव मंदिर में वर्षों से डेरा डाले भगवान शिव को एक लाख 17 हजार रूपये चुकाने हैं। स्थिति भले ही हास्यास्पद लग रही हो लेकिन इस एक्शन को लेकर लोगों में रोष व्याप्त हो रहा है। नोटिस पाने वाले हाटकेश्वर मंदिर की मैनेजिंग कमेटी के मेंबर बाबा अभय अवस्थी ने कहा उन्हें तो समझ में नहीं आ रहा संत के शासन में यह क्या हो रहा है?

नियम भी नहीं जानते क्या
नगर निगम के अफसर को शायद नियम भी नहीं पता कि यूपी गृहकर अधिनियम की धारा 177 के अनुसार प्रदेश के सभी मंदिर टैक्स मुक्त हैं। मामले को लेकर लोगों ने आक्रोश व्यक्त किया तो सकते में आये नगर निगम ने मामले की जांच करने को कहा है। नगर निगम के चीफ टैक्स ऑफिसर पीके मिश्रा ने कहा कि हो सकता है कि यह नोटिस गलती से मंदिर को चला गया हो। नोटिस को रिव्यू कर एक्शन लिया जायेगा।












Click it and Unblock the Notifications