छठे चरण के लिए UP में आज थम जाएगा चुनाव प्रचार, 3 मार्च को 57 सीटों पर होगी वोटिंग
छठे चरण के लिए UP में आज थम जाएगा चुनाव प्रचार, 3 मार्च को 57 सीटों पर होगी वोटिंग
लखनऊ, 01 मार्च: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 के लिए पांच चरणों में मतदान पूर्ण हो चुका है और छठे चरण के लिए 03 मार्च को वोट डाले जाएंगे। जिसके लिए आज (मंगलवार 01 मार्च) की शाम पांच बजे से चुनाव प्रचार थम जाएगा। छठे चरण के चुनाव के लिए चुनाव आयोग ने सभी तरह की तैयारियां पूरी कर ली हैं। आपको बता दें कि यूपी में अब केवल छठे और सातवें चरणों का मतदान बचा हुआ है।

राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी अजय कुमार शुक्ला ने बताया कि छठे चरण में 3 मार्च को 10 जिलों की 57 सीटों पर मतदान होगा। जिन जिलों में चुनाव होने हैं उनमें बलिया, गोरखपुर, बलरामपुर, देवरिया, कुशीनगर, सिद्धार्थनगर, संतकबीरनगर, महाराजगंज, बस्ती और अंबेडकरनगर शामिल हैं। इन जिलों के 2.14 करोड़ से अधिक मतदाता 676 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे।
बताया कि 01 मार्च की शाम छठे चरण के लिए चुनाव प्रचार थमने के साथ इन 10 जिलों से जुड़ी अन्य जिलों व राज्यों की सीमाएं सील कर दी जाएंगी। साथ ही, सीमाओं पर चौकसी और बढ़ा दी जाएगी। साथ ही, इन सभी 10 जिलों में शराब, बीयर व भांग की सभी लाइसेंसी दुकानें बंद करवा दी जाएंगी। यह दुकानें सोमवार 02 मार्च को मतदान सम्पन्न होने के बाद ही खुलेंगी।
योगी, लल्लू और रामगोविंद की प्रतिष्ठा दांव पर
छठे चरण में जिन प्रमुख प्रत्याशियों की किसमत दांव पर है उसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राज्य सरकार में मंत्री सतीश द्विवेदी, सूर्य प्रताप शाही, उपेंद्र तिवारी, श्रीराम चौहान व राम स्वरूप शुक्ला मुख्य हैं। इनके अलावा नेता प्रतिपक्ष राम गोविंद चौधरी, विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष माता प्रसाद पांडेय, बसपा छोड़ सपा में आए लालजी वर्मा, राम अचल राजभर, पूर्व मंत्री राममूर्ति वर्मा, राज किशोर सिंह, स्वामी प्रसाद मौर्य, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू समेत कई अन्य दिग्गज शामिल हैं।












Click it and Unblock the Notifications