'लालच व भय से मुक्त होकर डालें वोट', मायावती ने जनता से की यह अपील
'लालच व भय से मुक्त होकर डालें वोट', मायावती ने जनता से की यह अपील
लखनऊ, 14 फरवरी: उत्तर प्रदेश में 09 जिलों की 55 विधानसभा सीटों पर आज 14 फरवरी को दूसरे चरण के लिए वोटिंग हो रही है। वोटिंग के बीच बहुजन समाज पार्टी (बीएसपी) सुप्रीमो मायावती ने मतदाताओं को बधाई दी। इस दौरान बीएसपी सुप्रीमो मायावती ने कहा, 'सभी प्रकार की लालच व भय आदि से मुक्त होकर वोट डालने के संवैधानिक हक का इस्तेमाल कीजिए। आप सबका एक-एक वोट देश के संविधान व इसके लोकतंत्र की असली ताकत व गारण्टी है।'

बीएसपी सुप्रीमो मायावती ने एक के बाद एक तीन ट्वीट किए। ट्वीट करते हुए मायावती ने लिखा, 'परमपूज्य बाबा साहेब डा. भीमराव अम्बेडकर के कड़े संघर्ष के बाद 'एक व्यक्ति एक वोट' की मिली समतावादी शक्ति से अपनी तकदीर खुद संवारने के क्रम में यूपी के 9 जिलों के 55 विधानसभा सीटों पर आज दूसरे चरण की वोटिंग में आप सभी की साहसिक भागीदारी का तहेदिल से स्वागत व आभार।'
वहीं, अपने दूसरे ट्वीट में मायावती ने लिखा, 'बीएसपी डाअम्बेडकर के मानवतावादी ऊसूलों पर चलने वाली अकेली पार्टी है जिसमें सर्वसमाज का हित सुरक्षित है। ऐसा यूपी में मैंने अपने चारों शासन में सिद्ध करके दिखाया है जब सरकार की शक्ति, संसाधान जनहित व जनकल्याण के साथ कानून द्वारा कानून के राज द्वारा न्याय के पक्ष में समर्पित रही।'
तीसरे ट्वीट में मायावती ने जनता से अपील करते हुए कहा कि, 'अपने जान-माल, इज्जत-आबरू की तरह अपने वोट की भी रक्षा कीजिए। सभी प्रकार की लालच व भय आदि से मुक्त होकर वोट डालने के संवैधानिक हक का इस्तेमाल कीजिए। आप सबका एक-एक वोट देश के संविधान व इसके लोकतंत्र की असली ताकत व गारण्टी है। आपके इस प्रयास में बीएसपी हमेशा आपके साथ खड़ी है।'












Click it and Unblock the Notifications