UP: सीएम योगी की इस खास योजना से प्रदेश के चार हजार से अधिक गांवों को मिलेगी यह विशेष सुविधा
CM Yogi News Uttar Pradesh: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गांव क्षेत्रों में बसने वाले लोगों की सुविधा के लिए खास योजना तैयार की है। इसके तहत अब उन गांवों में रोडवेज बस चालाई जाएंगी जहां आवागमन के साधन विकसित नहीं हैं। इस योजना के तहत गोरखपुर के 12 गांवों का सर्वे भी कर लिया गया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर शासन ने प्रत्येक गांव तक रोडवेज की बस संचालित करने की योजना तैयार की है। इसके लिए चिह्नित गांवों का सर्वे शुरू हो गया है। शासन ने परिवहन निगम और परिवहन विभाग को सर्वे की जिम्मेदारी सौंपी है। छह अक्टूबर तक सर्वे होगा। सात को रिपोर्ट शासन को भेज दी जाएगी।

इस योजना से प्रदेश के 4593 गांवों में आवागमन की सुविधा उपलब्ध होगी। गोरखपुर परिक्षेत्र के परिवहन विभाग और निगम के अधिकारियों ने सर्वे शुरू कर दिया है। वे शहर से गांव तक आवागमन के साधन और सड़क मार्ग का परीक्षण कर रहे हैं। अगर किसी गांव की सड़क चौड़ी नहीं है तो वहां तक छोटी बसें चलाई जाएंगी। शासन ने दिसंबर 2023 तक सभी गांवों तक बस चलाने का लक्ष्य निर्धारित किया है।
गोरखपुर डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक महेश चन्द्र ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बस चलाने की योजना के तहत गोरखपुर के 12 गांवों का सर्वे पूरा कर लिया गया है। जल्द ही इन गांवों में बस की सुविधा उपलब्ध होगी।












Click it and Unblock the Notifications