लखनऊ में सिलेंडर ब्लास्ट हादसे पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने जाहिर किया दुख
लखनऊ में जिस तरह से सिलेंडर फटने की घटना सामने आई है उसपर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुख जाहिर किया है। मुख्यमंत्री ने लखनऊ में सिलेंडर फटने की दुर्घटना में हुई जनहानि पर गहरा दुःख व्यक्त किया है व शोकाकुल परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं। महाराज जी ने घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हुए जिला प्रशासन के अधिकारियों को उनके समुचित उपचार कराने के निर्देश दिए हैं।
बता दें कि मंगलवार रात को लखनऊ के काकोरी स्थित हजरत साहेब काकोरी कस्बे में सिलेंडर फटने की दुर्घटना सामने आई है। इस हादसे में परिवार के पांच लोगों के मारे जाने की खबर है। जबकि चार लोगों की हालत नाजुक बनी हुई है। इन लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनका इलाज चल रहा है। हादसे के बाद घटनास्थल पर फायर ब्रिगेड की टीम पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

जानकारी के अनुसार यह हादसा मुशील अली के घर पर हुआ है, जोकि खाना बनाने का काम करते थे। उनके यहां दो सिलेंडर से खाना बनता था। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि शॉर्ट सर्किट कीवजह से आग लगी और यह आग सिलेंडर तक पहुंच गई, जिसके बाद दोनों सिलेंडर में ब्लास्ट हो गया। हादसे के बाद डीसीपी दुर्गेश कुमार, एडीसीपी विश्वजीत श्रीवास्तव, एसीपी और सीएफओ और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस ने बिजली विभाग को जानकारी मिलने के बाद लाइट को बंद करवा दिया। इसके बाद दमकलकर्मियों ने मशक्कत करके अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला। काकोरी पुलिस ने हादसे में घायल लोगों को अस्पताल पहुंचाया। हादसे में मुशीर अली, उनकी पत्नी हुस्ना बानो, भांजी हुमा, हिबा और भतीजी राईया की मौत हो गई।
वहीं हादसे के बाद मामले की जांच में पुलिस जुट गई है। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि धुएं की वजह से बचावकर्मियों को रेस्क्यू ऑपरेशन में काफी दिक्कत हुई। स्थानीय लोगों की मदद से दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाया और तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग को बुझाया जा सका।












Click it and Unblock the Notifications