''खटाखट-खटाखट' योजना से जनता को नहीं दे सकते धोखा', यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस-सपा को दी सलाह
उत्तर प्रदेश में विधानसभा का मानसून सत्र चल रहा है। विधानसभा के मानसून सत्र में गुरुवार 01 अगस्त को सवालों का जवाब देते हुए प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी को आड़े हाथों लिया। साथ ही, 2016 से 2024 तक क्राइम के आंकड़ों की तुलना की।
विधानसभा में कांग्रेस और सपा को सलाह देते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा,'कांग्रेस और समाजवादी पार्टी को गलतफहमी नहीं होनी चाहिए कि वे बार-बार खटाखट खटाखट जैसे योजना के माध्यम से जनता को धोखा दे सकें। मैं कह सकता हूं कि ये सरकार चलेगी।'

सीएम योगी ने आगे कहा, '...मजबूती के साथ यह सरकार चलेगी और प्रदेश के अंदर ट्रांसफॉर्म करने के अपने अभियान को आगे बढ़ाएगी।'इस दौरान गोमती नगर की घटना का जिक्र करते हुए सीएम योगी ने कहा कि कल की गोमती नगर की घटना में भी हमने जवाबदेही तय की है। महिला सुरक्षा हमारे लिए सर्वोच्च महत्व रखता है।
उन्होंने कहा कि अगर कोई महिला सुरक्षा से खिलवाड़ करेगा तो उसका खामियाजा भुगतेगा। इस दौरान सीएम योगी आदित्यनाथ ने 2016 से 2024 तक के क्राइम आंकड़ों का भी जिक्र किया। सीएम ने कहा, 'अगर 2016 और 2024 के आंकड़ों की तुलना करूं तो डकैती के मामलों में 86.47% की कमी आई है।'
वहीं, लूट के मामले में 78.17% की कमी आई है, हत्या के मामले में 43.21 % की कमी आई है, फिरौती और अपहरण के मामलों में 70% की कमी आई है...महिला संबंधित अपराधों में दहेज मृत्यु दर में 17.43% की कमी आई है, बलात्कार के मामलों में 25.30% की कमी आई है।












Click it and Unblock the Notifications