UP Result: सपा के बागी विधायकों का BJP को नहीं मिला फायदा, जहां-जहां हुई बगावत, वहां-वहां हारे प्रत्याशी
UP Chunav Result: लोकसभा चुनाव 2024 के ऐलान से पहले समाजवादी पार्टी के कुछ विधायक एमएलसी चुनाव मतदान के दिन बागी हो गए थे। उन विधायकों द्वारा भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में क्रॉस वोटिंग की गई थी। उसके बाद बागी विधायकों ने समाजवादी पार्टी के खिलाफ बयान भी दिया।
उसके बाद लोकसभा चुनाव 2024 का ऐलान हो जाने पर कुछ विधायकों द्वारा भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशियों के पक्ष में चुनाव प्रचार किया गया। कुछ विधायक भारतीय जनता पार्टी से टिकट भी की उम्मीद भी लगाए रहे लेकिन उन्हें टिकट नहीं मिला।

अब रिजल्ट जारी होने के बाद पता चलता है कि जहां-जहां समाजवादी पार्टी के विधायक बागी होकर भारतीय जनता पार्टी की तरफ गए थे वहां-वहां भारतीय जनता पार्टी को भारी नुकसान हुआ है। उन सभी लोकसभा सीटों पर भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी चुनाव हार गए हैं।
ऐसे में चर्चा है कि समाजवादी पार्टी के बागी विधायकों का कोई फायदा नहीं मिला। फैजाबाद लोकसभा सीट के साथ ही रायबरेली और अमेठी, अंबेडकर नगर, जालौन और कौशांबी आदि जनपदों में समाजवादी पार्टी के विधायक पार्टी से बागी हो गए थे और भाजपा के पश्चिम उनका झुकाव देखने को मिला था।
फैजाबाद में 54567 वोटों से हारे भाजपा प्रत्याशी
अयोध्या जनपद के गोसाईगंज विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी के विधायक अभय सिंह भी समाजवादी पार्टी से बागी हो गए थे। यहां भारतीय जनता पार्टी द्वारा लल्लू सिंह को चुनाव मैदान में उतर गया था जबकि सपा ने अवधेश प्रसाद को टिकट दिया था। अवधेश प्रसाद ने लल्लू सिंह को 54567 वोट से हरा दिया।
अमेठी में 167196 वोटों से हारी स्मृति ईरानी
अमेठी लोकसभा सीट के अंतर्गत आने वाली गौरीगंज विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी के विधायक राकेश प्रताप सिंह ने भी समाजवादी पार्टी से किनारा कर लिया था। स्मृति ईरानी भारतीय जनता पार्टी के टिकट पर अमेठी लोकसभा सीट से चुनाव लड़ रही थीं। जबकि कांग्रेस ने यहां से केएल शर्मा को टिकट दिया था। केएल शर्मा ने स्मृति ईरानी को 167196 वोटों से हराया।
रायबरेली में 390030 वाटों से हारे दिनेश प्रताप सिंह
रायबरेली लोकसभा सीट के अंतर्गत आने वाले ऊंचाहार विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी के विधायक मनोज पांडेय ने भी समाजवादी पार्टी से बगावत कर ली थी। मनोज पांडेय भाजपा से लोकसभा टिकट की उम्मीद में थे। लेकिन यहां से भाजपा ने दिनेश प्रताप सिंह को चुनाव मैदान में उतारा।
दूसरी तरफ इंडिया गठबंधन के तहत कांग्रेस ने राहुल गांधी को चुनाव मैदान में उतारा था। इस लोकसभा सीट पर राहुल गांधी ने दिनेश प्रताप सिंह को 390030 वोटों से चुनाव हार दिया। राहुल गांधी को कुल 687649 वोट और भाजपा प्रत्याशी दिनेश सिंह को 297619 वोट मिले।
रितेश पांडेय की 137247 वोटों से हुई हार
अंबेडकर नगर की जलालपुर विधानसभा सीट से विधायक राकेश पांडेय ने भी समाजवादी पार्टी से किनारा कर लिया था। इस लोकसभा सीट पर भाजपा ने रितेश पांडेय और सपा ने लालजी वर्मा को मैदान में उतारा था। यहां लालजी वर्मा ने रितेश पांडेय को 137247 वोटों से हराया।
कौशांबी में 103944 वोटों से हारे विनोद कुमार सोनकर
इस लोकसभा सीट के अंतर्गत इलाहाबाद पश्चिम विधानसभा की विधायक पूजा पाल ने भी सपा से बगावत कर लिया था। लोकसभा सीट पर समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी पुष्पेंद्र सरोज ने भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी विनोद कुमार सोनकर को 103944 वोटों से चुनाव हरा दिया।
जालौन में 53898 वोटों से हारे भाजपा प्रत्याशी
जालौन लोकसभा सीट के अंतर्गत आने वाली कालपी विधानसभा से समाजवादी पार्टी के विधायक विनोद चतुर्वेदी ने भी पार्टी से बगावत कर ली थी। यहां से समाजवादी पार्टी के नारायण दास अहिरवार ने भाजपा के भानु प्रताप सिंह वर्मा को 53898 वोटों से चुनाव हरा दिया।












Click it and Unblock the Notifications