UP by-election 2024: निषाद पार्टी दो सीटों पर उतारेगी अपने उम्मीदवार, NDA में भी मच सकता है घमासान?
UP by-election 2024: उत्तर प्रदेश में उपचुनाव की तारीखों का ऐलान भले ही अभी नहीं हुआ है, लेकिन राजनीतिक दलों की ओर से तैयारियां तेजी से की जा रही हैं। संभावना जताई जा रही है कि जल्द ही उपचुनाव की तारीखों का ऐलान हो सकता है।
उपचुनावों की घोषणा से पहले राजनीतिक दलों में घमासान मचा हुआ है। खासकर गठबंधन में शामिल दल सीटों के बंटवारे को लेकर लगातार अलग-अलग दावे कर रहे हैं। एक तरफ जहां इंडी गठबंधन में घमासान मचा है तो वहीं दूसरी तरफ एनडीए में भी हालात ठीक नहीं दिख रहे हैं।

ऐसा इसलिए कहा जा रहा है क्योंकि एनडीए गठबंधन में शामिल निषाद पार्टी के अध्यक्ष डॉ संजय निषाद द्वारा शुक्रवार को दो सीटों पर उपचुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया गया। डॉ संजय निषाद का कहना है कि उपचुनाव में दो विधानसभा सीटों पर उनकी पार्टी के कैंडिडेट चुनाव लड़ेंगे।
अपनी पार्टी का रुख साफ करते हुए उन्होंने कहा कि मझवां और कटेहरी विधानसभा सीट पर उनकी पार्टी चुनाव लड़ेगी। उन्होंने यह भी कहा कि 2022 विधानसभा चुनाव में इन दोनों सीटों पर उनकी पार्टी के तरफ से उम्मीदवार उतारे गए थे।
ऐसे में अब उपचुनाव के दौरान भी उनकी पार्टी द्वारा ही इन दोनों विधानसभा सीटों पर प्रत्याशी उतारे जाएंगे और निषाद पार्टी के सिंबल से ही प्रत्याशी चुनाव लड़ेंगे। यह घोषणा शुक्रवार को उन्होंने इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में पार्टी के नए स्थापना दिवस कार्यक्रम में किया।
हालांकि अभी तक भारतीय जनता पार्टी या एनडीए की तरफ से उम्मीदवारों को लेकर कोई घोषणा नहीं की गई है। लेकिन निषाद पार्टी के अध्यक्ष डॉक्टर संजय निषाद द्वारा ऐलान किए जाने के बाद अब ऐसा माना जा रहा है कि एनडीए गठबंधन में भी घमासान मच सकता है।
इन विधानसभा सीटों पर होना है उपचुनाव
उत्तर प्रदेश में 10 विधानसभा सीटें खाली हैं, जिन पर उपचुनाव होने हैं। इनमें फूलपुर, गाजियाबाद, मझवां और खैर आदि चार विधानसभा सीटें एडीए के पास थीं और मीरापुर सीट आरएलडी के पास थी। इसके अलावा सीसामऊ, कटेहरी, करहल, मिल्कीपुर और कुंदरकी आदि पांच विधानसभा सीट समाजवादी पार्टी के पास थी।
अब देखना यह है कि उत्तर प्रदेश में होने वाले उपचुनाव में इंडी गठबंधन और एनडीए से जुड़े दल गठबंधन में बने रहते हुए चुनाव लड़ते हैं या फिर उनकी पार्टी गठबंधन से हट जाती है। क्योंकि दोनों गठबंधनों से जुड़े दलों में सीट बंटवारे को लेकर टकराव की स्थिति बनी हुई है।












Click it and Unblock the Notifications