यूपी बोर्ड के 10 टॉपर्स की कॉपी वेबसाइट पर की जाएंगी अपलोड, छात्र ले सकेंगे प्रेरणा
इलाहाबाद। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद के इतिहास में एक और नया अध्याय शुरू होने जा रहा है। यूपी बोर्ड अब अपने टॉपरों की कॉपी सार्वजनिक करेगा। बोर्ड हाईस्कूल व इंटर के टॉपरों की कॉपी अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर देगा, जिसे हर कोई आसानी से देख सकेगा। इस योजना का उद्देश्य बोर्ड परीक्षाओं में पारदर्शिता व दूसरे छात्र-छात्राओं को बेहतर करने के लिए प्रोत्साहित करना है। यूपी बोर्ड के इतिहास में पहली बार ऐसा होगा जब उसके टॉपरों की उत्तर पुस्तिकाएं सार्वजनिक होंगी और हर कोई देख सकेगा कि आखिर टॉपर बनते कैसे हैं।

एक सप्ताह बाद होगा अपलोड
फिलहाल इस योजना को बोर्ड के रिजल्ट जारी होने के 1 सप्ताह बाद लागू किया जाएगा और इसकी तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। वेबसाइट पर लिंक और उसके आकर्षण के लिए सॉफ्टवेयर इंजीनियर काम कर रहे हैं। इस बारे में जानकारी देते हुए बोर्ड की सचिव नीना श्रीवास्तव ने बताया कि हाईस्कूल व इंटर के 10-10 टॉपरों की कॉपियां सार्वजनिक करने में वरीयता क्रम का इस्तेमाल होगा और उपर से 10 बच्चो की कॉपियां बोर्ड वेबसाइट पर अपलोड की जाएंगी।
शुरू के दस टॉपर ही चुनेंगे
बोर्ड के अनुसार जिन हाईस्कूल व इंटर के 10-10 टॉपरों की कॉपियां वेबसाइट पर अपलोड होंगी वह वरीयता क्रम में होंगे। यानी बोर्ड टॉप टेन के सभी बच्चों की उत्तर पुस्तिका सार्वजनिक नहीं करेगा, बल्कि हाईस्कूल व इंटर के उन छात्र-छात्राओं की कॉपियां चुनी जाएंगी जो वरीयता क्रम में ऊपर दस तय आएंगे। दरअसल बोर्ड के टॉप टेन में बहुत बच्चे आ जाते है, क्योंकि एक-एक अंक पर कई-कई छात्र-छात्राएं होते हैं और शुरू के दस बच्चे तो तीसरी या चौथी मेरिट तक ही मिल जाते हैं। ऐसे में टॉप टेन के बजाय टॉपर सूची से शुरुआती 10 बच्चों को चुना जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications