क्या UP बोर्ड के 12वीं के छात्रों को अब नहीं पढ़ाया जाएगा 'मुगल दरबार' का इतिहास? शिक्षा मंत्री ने क्या कहा?
UP Board Syllabus Change: असल में UP बोर्ड में 10वीं, 11वीं और 12वीं की कक्षाओं में NCERT की किताबें पढ़ाई जाती हैं। इसलिए कहा जा रहा है कि NCERT ने जो बदलाव किए हैं, वो यूपी में लागू हो सकता है।

UP Board Syllabus Change: कुछ मीडिया रिपोर्ट में ये दावा किया गया कि उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (UPMSP) ने 10वीं और 12वीं के छात्रों को पढ़ाई जाने वाले सिलेबस में बदलाव किए हैं। रिपोर्ट में ये भी दावा किया गया कि यूपी बोर्ड के 10वीं और 12वीं के छात्रों को 'मुगल दरबार' का इतिहास नहीं पढ़ाया जाएगा। लेकिन अब उत्तर प्रदेश की माध्यमिक शिक्षा मंत्री गुलाब देवी ने कहा है कि यूपी बोर्ड में ऐसा कोई बदलाव नहीं हुआ है। मंत्री गुलाब देवी ने के मुताबिक यूपी बोर्ड की 12वीं की पढ़ाई में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
पहले क्या किया गया था दावा
असल में ये रिपोर्ट आई थी कि नेशनल काउंसिल ऑफ एजुकेशन रिसर्च एंड ट्रेनिंग (NCERT) के पाठ्यक्रम में हुए बदलावों के बाद उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (UPMSP) ने भी 12वीं के सिलेबस में बदलाव किए हैं। बता दें कि एनसीईआरटी द्वारा जून 2022 में मुगल इतिहास, शीत युद्ध जैसे कई चैप्टर हटाए गए थे। जो अब नया सेशन 2023-24 से लागू किया जाएगा। अब देशभर के सीबीएसई की स्कूलों में और जहां-जहां NCERT कि किताबें पढ़ाई जाती हैं, वहां ये बदलाव लागू हो जाएंगे। इस खबर के सामने आने के बाद ये रिपोर्ट आई कि इसी के तर्ज पर यूपी बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन (यूपी बोर्ड) ने भी अपने किताबों से मुगल काल से संबंधित कई चैप्टर हटाए हैं।
अब UP की शिक्षा मंत्री गुलाब देवी ने क्या कहा?
हालांकि उत्तर प्रदेश की माध्यमिक शिक्षा मंत्री गुलाब देवी ने मंगलवार को दिए अपने बयान में कहा है कि यूपी बोर्ड की 12वीं की पढ़ाई में कोई बदलाव नहीं किया गया है। मुगलों के इतिहास को खत्म करने की बात निराधार है। बिना किसी तथ्य के कोई भ्रम न फैलाएं। हमारी सरकार सबको साथ लेकर चलती है। हमारे राज्य में कोई जाति धर्म के आधार पर कार्य नहीं किया जाता है। लोगों को सभी योजनाओं का लाभ मिलता है। NCERT राष्ट्रीय नीति का मुख्य अंग है, जो NCERT सेलेब्स आएगा, उसी के हिसाब से पढ़ाई होगी। हम लोग एनसीआरटी से बंधे हुए हैं।''
यूपी बोर्ड के सचिव ने क्या कहा?
असल में NCERT की किताबों से मुगल दरबार, 18वीं और 19वीं शताब्दी की औद्योगिक क्रांति, शीत युद्ध काल के चैप्टर हटा दिए गए हैं। क्योंकि यूपी की 12वीं कक्षा में NCERT की किताबें पढ़ाई जाती हैं, इसलिए ये रिपोर्ट आई थी कि यूपी बोर्ड ने भी बदलाव किए हैं।
यूपी बोर्ड के सचिव दिव्याकांत शुक्ला ने सोमवार (02 अप्रैल) को एक बयान देते हुए कहा था कि बदलाव इस शैक्षणिक सत्र (2023-24) से लागू होंगे।

यूपी बोर्ड के सचिव दिव्यकांत शुक्ला ने कहा कि ये बदलाव बहुत जरूरी भी थे क्योंकि यूपी बोर्ड एनसीईआरटी द्वारा प्रकाशित पाठ्यपुस्तकों और उनके सिलेबस को फॉलो करता है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक यूपी बोर्ड के सचिव दिव्यकांत शुक्ला ने कहा है कि यूपी बोर्ड का अपडेटेड सिलेबस 2023-24 यूपीएमएसपी की आधिकारिक वेबसाइट upmsp.edu.in पर जारी किया जाएगा। यूपी बोर्ड कक्षा 10वीं, 11वीं और 12वीं की पुस्तकें तर्कसंगत पाठ्यक्रम के साथ भी बाजार में उपलब्ध होंगी।












Click it and Unblock the Notifications