UP Board Exam Paper: यूपी बोर्ड 10वीं का गणित पेपर लीक, व्हाट्सएप ग्रुप पर हुआ वायरल, एफआईआर दर्ज
UP Board Exam Paper: यूपी बोर्ड हाईस्कूल परीक्षा के दौरान गणित का प्रश्नपत्र लीक होने की खबर सामने आई है। ब्लॉक जैथरा स्थित चौधरी बीएल इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र से यह प्रश्नपत्र व्हाट्सएप ग्रुप पर वायरल हो गया। इस घटना के बाद जिला प्रशासन हरकत में आ गया और संबंधित केंद्र व्यवस्थापक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
शनिवार सुबह 8:30 बजे हाईस्कूल गणित की परीक्षा शुरू हुई। परीक्षा शुरू होने के करीब एक घंटे बाद, 9:30 बजे, परीक्षा केंद्र की व्यवस्थापक अंजू यादव ने माध्यमिक शिक्षा विभाग द्वारा बनाए गए परीक्षा ग्रुप पर गणित का प्रश्नपत्र साझा कर दिया। यह प्रश्नपत्र लगभग 10 से 15 मिनट तक ग्रुप में उपलब्ध रहा, जिसके बाद अधिकारियों ने तत्काल इसे हटाने के निर्देश दिए।

स्टेटिक मजिस्ट्रेट ने की कार्रवाई
स्टेटिक मजिस्ट्रेट डॉ. बृजेश कुमार ने इस मामले की जानकारी मिलते ही तुरंत हस्तक्षेप किया। उन्होंने केंद्र व्यवस्थापक को निर्देश दिया कि प्रश्नपत्र को तत्काल हटाया जाए और इसकी सूचना उच्चाधिकारियों को दी जाए। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईओएस डॉ. इंद्रजीत सिंह ने इसकी जानकारी यूपी बोर्ड को दी और परीक्षा में हुई इस गड़बड़ी की विस्तृत रिपोर्ट भेजी गई।
एफआईआर दर्ज, जांच के आदेश
प्रश्नपत्र लीक होने के मामले में जैथरा थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। जिस मोबाइल से पेपर वायरल हुआ था, उसे जब्त कर लिया गया है। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि पेपर लीक की योजना पहले से बनाई गई थी या यह गलती से हुआ था।
घटना की सूचना मिलते ही डीआईओएस, स्टेटिक मजिस्ट्रेट और अन्य प्रशासनिक अधिकारी परीक्षा केंद्र पहुंचे और जांच शुरू कर दी। अलीगढ़ के माध्यमिक शिक्षा जॉइंट डायरेक्टर मनोज गिरी ने बताया कि बोर्ड परीक्षा के व्हाट्सएप ग्रुप में गणित का पेपर डाला गया था, लेकिन इसे तुरंत डिलीट करा दिया गया। फिर भी, परीक्षा की गोपनीयता भंग होने के चलते उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए गए हैं।
इस ग्रुप में परीक्षा केंद्र व्यवस्थापक, जिला स्तरीय अधिकारी और बोर्ड परीक्षा से जुड़े अन्य अधिकारी शामिल थे। अधिकारियों को जैसे ही प्रश्नपत्र ग्रुप में दिखा, उन्होंने तुरंत डीआईओएस को सूचित किया और इसे डिलीट करवाया। हालांकि, ग्रुप में पहले ही कई लोगों ने प्रश्नपत्र को देख लिया था, जिससे मामला गंभीर हो गया।












Click it and Unblock the Notifications