यूपी विधानसभा चुनाव 2017: सत्ता की सवारी के लिए बीएसपी ने इन दागियों को बैठाया हाथी पर
मुख्तार अंसारी बीएसपी के अकेले ऐसे उम्मीदवार नहीं हैं जिन पर केस चल रहा हो। पार्टी में कई और उम्मीदवार हैं जिन पर विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज है। देखिए पूरी फेहरिस्त...
नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में शानदार प्रदर्शन का कवायद में जुटी बहुजन समाज पार्टी हर वो दांव खेलने को तैयार है जिससे विरोधियों को चित किया जा सके। यही वजह है कि बसपा सुप्रीमो मायावती ने दागियों से भी परहेज नहीं किया है। इसकी बानगी उस समय देखने को मिली जब मायावती ने बाहुबली मुख्तार अंसारी से भी परहेज नहीं किया। बसपा सुप्रीमो ने मुख्तार अंसारी की पार्टी कौमी एकता दल का बसपा में विलय करा दिया। इतना ही नहीं मायावती ने मुख्तार अंसारी को मऊ सदर से बसपा का उम्मीदवार भी घोषित किया है।
मायावती ने अकेले मुख्तार अंसारी को ही टिकट नहीं दिया बल्कि उनके बेटे और भाई को भी चुनाव मैदान में उतारा है। मुख्तार अंसारी बीएसपी के अकेले ऐसे उम्मीदवार नहीं हैं जिन पर केस चल रहा हो। पार्टी में कई और उम्मीदवार हैं जिन पर विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज है। बहुजन समाज पार्टी ने और किन दागियों पर दांव लगाया है और उन पर क्या मामले चल रहे हैं...देखिए पूरी फेहरिस्त...

बीएसपी उम्मीदवार मुख्तार अंसारी पर हत्या समेत कई आरोप
बाहुबली नेता और मऊ सदर से विधायक मुख्तार अंसारी पर भले ही बीएसपी ने दांव लगाया हो लेकिन उन पर कई गंभीर आरोप दर्ज हैं। इसमें हत्या, अवैध वसूली समेत कई मामले शामिल हैं। उन पर भाजपा नेता कृष्णानंद राय की हत्या का आरोप लगा है। मुख्तार अंसारी पर कुल 15 आपराधिक केस दर्ज हैं। इनमें 4 हत्या के मामले भी शामिल हैं। मुख्तार भले ही बहुजन समाज पार्टी के टिकट पर चुनाव मैदान में उतरने को तैयार नजर आ रहे हैं, लेकिन उन्होंने बसपा में जाने से पहले समाजवादी पार्टी में जाने की हरसंभव कोशिश की थी। हालांकि अखिलेश यादव के विरोध के चलते वहां उनकी दाल नहीं गल सकी। इस बीच मायावती ने उन्हें मऊ सदर से उम्मीदवार घोषित कर दिया।

अतरौली से बसपा प्रत्याशी इलियास चौधरी पर 12 से ज्यादा केस
बहुजन समाज पार्टी के दागी उम्मीदवारों में मुख्तार अंसारी अकेले नहीं हैं इस फेहरिस्त में और भी नाम शामिल हैं। इनमें अतरौली से बसपा उम्मीदवार इलियास चौधरी का भी नाम अहम है। इलियास चौधरी पर 1991 से 2014 के बीच 12 से ज्यादा केस दर्ज हैं। उन पर धमकी, रंगदारी, अपहरण और हत्या जैसे गंभीर आरोप भी शामिल हैं।

बसपा उम्मीदवार रविंद्र कुमार मोल्हू पर दर्ज हैं 7 केस
रामपुर मनिहारन से बहुजन समाज पार्टी के उम्मीदवार रविंद्र कुमार मोल्हू पर भी कई केस दर्ज हैं। दो बार विधायक रह चुके रविंद्र कुमार मोल्हू पर सात केस दर्ज हैं। उन पर जमीन कब्जाने जैसे मामले दर्ज हैं। बता दें कि रविंद्र कुमार बसपा के करोड़पति प्रत्याशी हैं, वो 10वीं पास हैं।

बीएसपी उम्मीदवार उमेश कुमार पांडेय पर दर्ज हैं 3 केस
बहुजन समाज पार्टी ने उमेश कुमार पांडेय को मधुवन विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया है। उमेश कुमार पर 3 मुकदमें दर्ज हैं। इनमें दो मामले मऊ कोतवाली में दर्ज हैं। उन पर शुरूआती दो केस 2004 में ही दर्ज हो गया था, जबकि तीसरा केस 2010 में दर्ज हुआ था। बता दें कि उमेश कुमार के बड़े भाई और पूर्व ब्लॉक प्रमुख अखिलेश पांडेय की हत्या हो चुकी है।












Click it and Unblock the Notifications