यूपी उपचुनाव: चार सीटों पर समाजवादी पार्टी ने घोषित किए प्रत्याशी, इन्हें दिया टिकट
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की सात विधानसभा सीटों पर तीन नवंबर को मतदान होना हैं और 10 नवंबर को नतीजे घोषित कर दिए जाएंगे। उपचुनाव की घोषणा होने के बाद समाजवादी पार्टी ने सात में से चार विधानसभा सीटों पर अपने प्रत्याशियों के नाम की घोषणा कर दी है। इनमें अमरोहा जिले की नौगांव सादात, टूंडला, घाटमपुर और देवरिया जिले की मल्हनी सीट शामिल है। तो वहीं, पार्टी ने बुलंदशहर सीट राष्ट्रीय लोकदल के लिए छोड़ दी है।

समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने जानकारी देते हुए बताया कि चार विधानसभा सीटों पर सोमवार को प्रत्याशियों के नामों की घोषणा कर दी गई है। साथ ही बुलंदशहर सदर लोकसभा सीट राष्ट्रीय लोकदल गठबंधन को छोड़ दी गई है। तो वहीं, समाजवादी पार्टी ने नौगांवा सादात विधानसभा सीट से सैय्यद जावेद अब्बास को उम्मीदवार बनाया है। टूंडला विधानसभा क्षेत्र से महाराज सिंह धनगर, घाटमपुर इंद्रजीत कोरी और मल्हनी विधानसभा क्षेत्र से लकी यादव को चुनाव मैदान में उतारा है।
अमरोहा जिले की नौगांव सादात सीट पर 2017 के चुनाव में चेतन चौहान भाजपा से विधायक चुने गये थे। वो योगी सरकार के मंत्री थे। हालांकि, पिछले दिनों कोरोना वायरस के चलते उनका निधन हो गया था। चेतन चौहान के निधन के बाद यह सीट खाली हुई है। कानपुर जिले की घाटमपुर विधानसभा सीट पर कमलरानी वरूण का कब्जा था। योगी सरकार में मंत्री कमलरानी वरूण के निधन से के बाद ये सीट खाली हुई है।
फिरोजाबाद जिले की टूंडला विधानसभा सीट पर एसपी सिंह बघेल का कब्जा था। उनके भाजपा से सांसद बनने के बाद से ये सीट खाली चल रही थी। पिछले साल हुए उपचुनाव में इस सीट पर चुनाव नहीं कराए जा सके थे क्योंकि मामला कोर्ट में चला गया था। अब इस सीट पर चुनाव होगा। जौनपुर जिले की मल्हनी विधानसभा सीट पर सपा का कब्जा था। यहां से पारसनाथ यादव विधायक थे। इनके निधन के कारण ये सीट खाली हुई है। इस सीट पर उनके बेटे लकी यादव को पार्टी ने मैदान में उतारा है। यादव और ठाकुर बाहुल्य इस सीट पर एक बड़ा फैक्टर बाहुबली धनंजय सिंह भी हैं।












Click it and Unblock the Notifications