UP Airport Closed: यूपी के दो एयरपोर्ट से उड़ानें बंद, नहीं होगा सिविल फ्लाइट्स का संचालन, देखें दोनों के नाम
UP Airport Closed: भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव का असर अब आम नागरिकों की यात्रा पर भी दिखने लगा है। उत्तर प्रदेश के दो बड़े हवाई अड्डों पर सिविल फ्लाइट्स का संचालन अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। यह फैसला सुरक्षा कारणों से लिया गया है और केंद्र सरकार की ओर से इसकी पुष्टि की गई है।
नागरिक विमानन मंत्रालय ने जानकारी दी कि भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण और अन्य संबंधित एजेंसियों ने इस रोक के लिए 'नोटिस टू एयरमैन' (NOTAM) जारी किया है। इसके तहत 9 मई से लेकर 14 मई तक देश के उत्तर और पश्चिम भारत के कुल 32 एयरपोर्ट्स पर सिविल उड़ानें प्रभावित रहेंगी।

उत्तर प्रदेश में हिंडन (गाजियाबाद) और सरसावा (सहारनपुर) हवाई अड्डों पर आम नागरिक विमानों की आवाजाही पर अस्थायी रोक लगा दी गई है। इन दोनों एयरबेस पर अभी सिर्फ सैन्य गतिविधियां जारी रहेंगी जबकि सिविल फ्लाइट्स पूरी तरह स्थगित कर दी गई हैं।
पाकिस्तानी ड्रोन हमलों के बाद भारत की बड़ी सैन्य तैयारी
इस बीच, सीमावर्ती इलाकों में तनाव और बढ़ गया है। रक्षा सूत्रों के मुताबिक, पाकिस्तान की ओर से नियंत्रण रेखा और अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास भारतीय इलाकों में ड्रोन हमले किए गए हैं। इसका भारतीय सेना ने कड़ा जवाब देना शुरू कर दिया है।
जम्मू सेक्टर में भारतीय सेना ने जवाबी कार्रवाई तेज कर दी है और कई रणनीतिक इलाकों में अतिरिक्त सैनिक तैनात किए गए हैं। सेना के मुताबिक, यह कदम देश की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उठाया गया है।
श्रीनगर के पास पाकिस्तान के साथ मुठभेड़ तेज
सूत्रों का कहना है कि श्रीनगर और उसके आस-पास के क्षेत्रों में भारी मुठभेड़ जारी है। पाकिस्तान की गतिविधियों के जवाब में भारतीय सेना ने सतह से हवा में मार करने वाली मिसाइल प्रणालियों को भी सक्रिय कर दिया है।
सेना के अधिकारी लगातार निगरानी रखे हुए हैं और हर गतिविधि का तुरंत जवाब दिया जा रहा है। इस ऑपरेशन में अत्याधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है ताकि दुश्मन को मुंहतोड़ जवाब दिया जा सके।
पंजाब में ड्रोन हमलों से दहशत का माहौल
पंजाब में भी हालात सामान्य नहीं हैं। सुरजीत कौर नामक महिला ने बताया कि उनके घर के ऊपर एक तेज लाल चमक दिखी और इसके बाद जोरदार धमाका हुआ। उन्होंने कहा कि धमाके के बाद उनके इलाके में अंधेरा छा गया था और लोग डर के मारे घरों से बाहर नहीं निकल पा रहे थे।
कौर ने बताया कि थोड़ी देर बाद जब लोग बाहर निकले तो देखा कि पानी की टंकियां फट चुकी थीं और आसपास के इलाकों में काफी नुकसान हुआ है। हमले के बाद इलाके में ब्लैकआउट कर दिया गया था और सभी लाइटें बंद कर दी गई थीं।
केंद्र सरकार ने साफ किया है कि नागरिकों की सुरक्षा सर्वोपरि है। नागरिक विमानन मंत्रालय ने कहा कि स्थिति की लगातार समीक्षा की जा रही है और जरूरत पड़ी तो आगे भी कड़े कदम उठाए जाएंगे। सरकार की अपील है कि लोग अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करें।












Click it and Unblock the Notifications