UP AAP Vote Rally: यूपी में वोट चोरी पर घमासान, AAP की ‘वोट बचाओ-संविधान बचाओ’ पदयात्रा 21 दिसंबर से शुरू
UP AAP Vote Rally: उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची से नाम काटे जाने के बढ़ते आरोपों के बीच आम आदमी पार्टी (AAP) ने बड़े आंदोलन का ऐलान किया है। पार्टी का दावा है कि राज्यभर में लाखों लोगों के नाम वोटर लिस्ट से हटाए जा रहे हैं, जिससे जनता के संवैधानिक अधिकार पर सीधा हमला हो रहा है।
इसी को लेकर AAP ने 21 दिसंबर से 26 दिसंबर तक 'वोट बचाओ-संविधान बचाओ' पदयात्रा निकालने की घोषणा की है। पार्टी की ओर से कहा गया है कि यह पदयात्रा सिर्फ एक विरोध नहीं, बल्कि उन लोगों की आवाज़ है जिनका वोट चुपचाप काट दिया गया है।

AAP नेताओं का आरोप है कि इससे लोकतांत्रिक प्रक्रिया कमजोर हो रही है और चुनावी प्रणाली की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। उनका कहना है कि यह लड़ाई अधिकारों की रक्षा की है, ताकि हर नागरिक अपने मताधिकार का सही उपयोग कर सके।
जनभागीदारी की अपील
AAP ने जनता से इस पदयात्रा में बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की है। पार्टी ने कहा है कि लोकतंत्र को बचाने के लिए जनभागीदारी अत्यंत आवश्यक है, क्योंकि वोट सिर्फ एक अधिकार नहीं, बल्कि व्यक्ति की आवाज़ और देश के भविष्य की दिशा तय करने का माध्यम भी है। लोगों को इस मुहिम से जुड़ने के लिए 7500040004 पर मिस्ड कॉल करने को कहा गया है।
पार्टी नेताओं का कहना है कि पदयात्रा के दौरान वे गाँव-गाँव और शहर-शहर जाकर लोगों को उनके अधिकारों के बारे में जागरूक करेंगे। साथ ही, मतदाता सूची में नाम जुड़वाने और गलत तरीके से हटाए गए नाम वापस जोड़वाने के लिए सलाह और सहायता भी दी जाएगी।
आम आदमी पार्टी का यह आंदोलन उत्तर प्रदेश की राजनीति में नया मोड़ ला सकता है, क्योंकि वोटर लिस्ट में छेड़छाड़ के मुद्दे पर पहले भी कई विपक्षी दल सवाल उठाते रहे हैं। अब देखना यह होगा कि AAP की यह पदयात्रा राज्य की चुनावी राजनीति पर कितना असर डालती है।












Click it and Unblock the Notifications