उमेश पाल हत्याकांड के आरोपियों को मिला देंगे मिट्टी में, सीएम योगी ने अखिलेश को सदन में लताड़ा
बसपा विधायक राजू पाल हत्याकांड के मुख्य गवाह उमेश पाल हत्याकांड का मुद्दा शनिवार को सदन में गूंज उठा। उमेश पाल हत्याकांड का मुद्दे पर अखिलेश और योगी आदित्यनाथ के बीच तीखी बहस भी हो गई।

UP News: यूपी विधानसभा बजट सत्र के दौरान शनिवार को सदन में राजू पाल हत्याकांड के मुख्य गवाह उमेश पाल हत्याकांड का मुद्दा गूंज उठा। इस दौरान समाजवादी पार्टी के नेताओं द्वारा लगाए आरोपों पर सीएम योगी आदित्यनाथ गुस्से में दिखाई दिए। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रयागराज में जो घटना हुई है वो दुखद है और सरकार इस घटना के अपराधियों को मिट्टी में मिला देंगे। इस दौरान सीएम योगी ने पूछा कि इन अपराधियों को पाला किसने है?। ये लोग चोरी और सीनाजोरी करते हैं। इस दौरान अखिलेश और योगी आदित्यनाथ के बीच तीखी बहस भी हो गई और दोनों एक-दूसरे पर चीखते हुए नजर आए।
Recommended Video
सदन में सीएम योगी आदित्यनाथ ने अखिलेश पर आरोप लगाते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी अपराधियों को पालेंगे, उनका माल्यार्पण करेंगे। इसके बाद सदन में आकर तमाशा करते हैं। एक तरफ अपराधियों को प्रश्रय देंगे और दूसरी तरफ दोषारोपण करेंगे। इस पर अखिलेश ने कहा कि आप बताइए, बीएसपी से आपकी दोस्ती है। इसलिए आप उसके खिलाफ नहीं बोल रहे हैं। जवाब में सीएम योगी ने कहा कि अतीक अहमद सपा सरकार का पोषित माफिया है। उसको मिट्टी में मिला देंगे। कहा कि ये (सपा के लोग) पेशेवर माफिया और अपराधियों के सरपरस्त हैं।
सीएम योगी ने सदन में बोलते हुए कहा कि इनके रग-रग में अपराध भरा हुआ है। इसके अलावा उन्होंने कुछ सीखा नहीं है। सारा प्रदेश यह जानता है। जिस माफिया ने यह कृत्य किया है, वह यूपी से बाहर है। वह समाजवादी पार्टी से एमएलए और सांसद बना है। यह लोग चोरी और सीनाजोरी का काम कर रहे हैं। माफिया कोई भी हो, सरकार की जीरो टॉलरेंस की नीति है। उन माफिया को मिट्टी में मिलाने का काम सरकार करेगी। चोरी और सीनाजोरी का काम नहीं चलेगा। आपको बता दें कि प्रयागराज जिले में शुक्रवार को बसपा विधायक राजू पाल हत्याकांड के मुख्य गवाह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
इस मुद्दे को आज विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष अखिलेश यादव ने उठाया था। जिसके जवाब में सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा, प्रयागराज की घटना दु:खद है जिसने किया, उसको बख्शा नहीं जाएगा। लेकिन ये पेशेवर अपराधी आखिर किसके द्वारा पाले-पोसे गए हैं। उत्तर प्रदेश की जनता के सामने पहचान का संकट खड़ा हुआ, इन्हीं पेशेवर अपराधियों के कारण हुआ जो सत्ता पोषित होते थे। यह सभी जानते हैं कि उनके खिलाफ जो कार्रवाई चली है, वह नजीर बनी है।












Click it and Unblock the Notifications