यूपी पुलिस की जीप के बोनट पर बैठकर ये युवक करते हैं दबंगई
कानपुर। मुख्यमंत्री योगी अपने सूबे की पुलिस के बदनाम चेहरे को सुधारने की कवायद में लगे हैं लेकिन उत्तर प्रदेश की पुलिस ने जैसे न सुधरने की कसम खा रखी है। मुख्यमंत्री ने सरकारी कार्यालयों में पान , गुटखा न खाने की हिदायत दे रखी है और सरकारी वाहनों और उपकरणों का उपयोग केवल जनता की मदद और सुरक्षा व्यवस्था के लिए करने के निर्देश दे रखे हैं लेकिन कानपुर की थाना कल्याणपुर पुलिस के बेलगाम इन्स्पेक्टर और दरोगा तो मुख्यमंत्री के दिशा निर्देशों को भी ठेंगा दिखाकर अपनी ही मस्ती में दिखाई पड़ते हैं। वहीं पुलिस के आलाधिकारी अपने अधीनस्थों को बचाने के प्रयास में लगे रहते हैं।

तस्वीरें फ़िल्मी नहीं बल्कि हकीकत की है। थाना कल्याणपुर की इंद्रानगर पुलिस चौकी की जीप के बोनट पर कल्याणपुर के ही दो युवक बैठे हैं और पुलिस जीप पूरे इलाके में घूम रही है। बोनट पर बैठे युवक कुक्कू चंदेल और रिंकू चौहान का क्षेत्र में अच्छा दबदबा है क्योकि ये दोनों थाना पुलिस से सेटिंग-गेटिंग कर लोगों को पकड़वाने और छुड़वाने का काम करते है।
पुलिस जीप के बोनट पर बैठ कर घूमने से इन दोनों का क्षेत्र में दबदबा और रुतबा कहीं ज्यादा बढ़ गया होगा और इन दोनों के काम को थाना पुलिस ने बखूबी अंजाम भी दिया। पुलिस जीप के बोनट पर बैठ कर घूम रहे इन दोनों के पीछे थाना कल्याणपुर इन्स्पेक्टर की जीप भी चल रही है। इस पूरे प्रकरण पर जब एसपी गौरव ग्रोवर से बात की तो पहले तो उन्होंने अनभिज्ञता जताई लेकिन जब उनको वीडियो फुटेज दिखाए तब एसपी बोले की ये जांच का विषय है जांच के बाद कार्यवाही की जाएगी।

आलाधिकारियों के मीडिया को दिए गए गोलमोल जवाब से क्या इन बेलगाम पुलिसकर्मियों में सुधार की संभावना है ? इन तस्वीरो को देखकर सवाल ये उठता है कि क्या जनता में अपना इक़बाल खो चुकी पुलिस अपने ऐसे बेशर्म चेहरे से क्या साबित करना चाह रही है? क्या पुलिस और माफियाओ का गठजोड़ जनता के सामने ऐसी ही तस्वीरो से परोसना चाह रही है।












Click it and Unblock the Notifications