'देखी लॉरेंस बिश्नोई की...' और टीचर के मार दी गोली, रील भी बनाई, कहा- '39 गोली मारना बाकी'
गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का नाम आए दिन सुर्ख़ियों में बना रहता है। कभी 'सिद्धू मूसेवाला' हत्याकांड को लेकर तो कभी 'सलमान खान' को धमकी देने को लेकर। जिसके चलते कई युवा उसे अपना रोल मॉडल मान रहे हैं। नतीजतन वो अपराध के दलदल में फंसते जा रहे हैं। यूपी के आगरा से एक ऐसा ही सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसमे लोरेंस विश्नोई से प्रभावित दो छात्रों ने एक शिक्षक को गोली मार दी।
इतना ही नहीं, बल्कि शिक्षक के पैर में गोली मारने के बाद दोनों किशोरों ने एक रील भी बनाया, जिसमे उन्होंने कहा कि "अभी 39 गोली और मारना बाकी है।" बताया जा रहा है कि शिक्षक ने दोनों को कोचिंग की एक लड़की से बात करने से मना कर दिया था। जिसके बाद इस घटना को अंजाम दिया गया। फिलहाल पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। एक आरोपी की उम्र 16-17 वर्ष है और दूसरा हाल ही में 18 का हुआ है।

हैरान कर देने वाली वारदात
अब आपको बताते हैं कि आखिर यह पूरा मामला है क्या? प्राप्त जानकारी के अनुसार, आगरा के खंदौली अंतर्गत मलूपुर गांव है जहां पीड़ित शिक्षक 'सुमित सिंह' डॉ. भीमराव आंबेडकर के नाम से कोचिंग इंस्टीट्यूट चलाते हैं। वहीं दोनों आरोपी लड़के भी मलूपुर गांव के ही रहने वाले हैं। डीसीपी वेस्ट सोनम कुमार के अनुसार पकड़े गए आरोपियों में उत्तम उम्र 18 वर्ष पुत्र राजेंद्र सिंह है और दूसरा लड़का नाबालिग है।
शिक्षक ने पिता से कर दी थी शिकायत
पीड़ित शिक्षक ने पुलिस को बताया कि आरोपी कोचिंग में पढऩे वाली किसी लड़की से फोन पर बात करते थे। जिसकी शिकायत उन्होंने आरोपी लड़कों के पिता को दे दी थी। इसी बात से दोनों नाराज थे और शिक्षक को सबक सिखाने की ठान ली थी। उधर दोनों लड़के गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई से भी प्रभावित थे। जिसके चलते उन्होंने शिक्षक को सबक सिखाने का अजीबोगरीब प्लान बनाया।

कोचिंग में घुसकर मारी गोली
गुरुवार दोपहर दोनों आरोपी लड़के बाइक पर सवार होकर सुमित की कोचिंग पहुंचे और देसी तमंचा निकालकर सुमित के पैर में गोली मार दी। गोली लगने के बाद शिक्षक सुमित घायल होकर जमीन पर गिर पड़े और आरोपी मौके से फरार हो गए। लेकिन इससे भी हैरानी की बात तो ये है कि इस वारदात को अंजाम देने के बाद महज 16-18 वर्ष के इन लड़कों को कोई डर नहीं था। उन्होंने गोली मारने के बाद एक रील भी बनाई।

गोली मारकर वीडियो किया वायरल
आरोपियों द्वारा बनाई गई इस 25 सेकंड की रील या वीडियो में वो कहते हैं, "हां चच्चा कैसी गोली दई टांय, कैसो गिर परो, फैजल कहते हैं मो ते, ऐसे ही नाम ना धरो ए फैजल, और तोसे का कहतें चच्चा ना गैंगस्टर (दूसरा आरोपी) 4-6 दिन और रुक जा। 6 महीने बाद फिर हवा हवाई, टेम आने दे, तेरी टांग को छलनी कर दूंगों, 40 गोली मारनी है। 39 और बाकी रह गई हैं अभी।"

लोरेंस विश्नोई से प्रभावित दोनों आरोपी
दोनों आरोपियों की यह रील अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। उधर, सुमित की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर अगले दिन शुक्रवार को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों के खिलाफ धारा 307, 506 समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया है। पूछताछ में लड़कों ने बताया कि उन्होंने गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई की रील देखी थी, उससे प्रभावित होकर खुद भी रील बनाई, जिससे उनके नाम की दहशत फैल सके।












Click it and Unblock the Notifications