सूखे तालाब से मिट्टी खोदने गईं युवतियों पर गिरी ढांग, दो की मौत
गांव की ही एक लड़की जग्गा के साथ दोनों बच्चियां तालाब से मिटटी लेने गई थीं। तीनों सूखे तालाब से मिटटी खोद रही थीं। अचानक बड़ी ढांग नीचे गिर गई।
संभल। संभल के हयातनगर थाना इलाके में मिट्टी खोदने गई दो युवतियों की मौत की खबर है। मामला सिहाबली गांव का है जहां मिट्टी खोदने गईं दो युवतियों के ऊपर मिट्टी की ढांग गिर गई। जिससे दोनों युवती ढांग में दब गईं। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने युवतियों को निकाला लेकिन दोनों की मौत हो गई। दोनों युवतियां स्कूल की छात्रा हैं।

सिहावली गांव की सीमा कक्षा दो की छात्रा थी जबकि कश्मीरा कक्षा आठ में पढ़ती थी। दोनों बच्चियां सौंधन के इंटर कॉलेज में पढ़ती थीं। गांव की ही एक लड़की जग्गा के साथ दोनों बच्चियां तालाब से मिटटी लेने गई थीं। तीनों सूखे तालाब से मिटटी खोद रही थीं। अचानक बड़ी ढांग नीचे गिर गई। इस घटना में दोनों बच्चियां सीमा और कश्मीरा मिटटी के नीचे दब गईं। जबकि तीसरी लड़की जग्गा बाल-बाल बच गई, उसने शोर मचा दिया।


आसपास खेतों पर काम कर रहे ग्रामीणों के अलावा गांव में पता लगते ही अन्य लोग भी आ गए। ग्रामीणों ने तत्काल बचाव कार्य शुरू कर दिया। कुछ देर में ही ग्रामीणों ने मिटटी के नीचे दबी दोनों छात्राओं को बाहर निकाला और गांव में ही चिकित्सक के यहां ले गए लेकिन उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। हादसे में छात्राओं की मौत पर परिजनों और गांव में भी कोहराम मच गया। परिजनों का रोते-राते बुरा हाल है।












Click it and Unblock the Notifications