AXIS और IDBI बैंक के एटीएम से 67 लाख रुपये का गबन
फर्रुखाबाद। देश के कई राज्यों में इस समय नकदी का संकट शुरू हो गया है। वहीं, फर्रुखाबाद के एक्सिस और आईडीबीआई बैंक के एटीएम से 67 लाख रुपयों के गबन के मामला सामने आया है। पुलिस ने एसपी के आदेश पर दो लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर उससे पूछताछ कर रही है।

जिले में सीएमएस इन्फोसिस्टम लिमिटेड बैंकों के एटीएम में कैश डालने का काम करती है। कंपनी के शाखा प्रबंधक फूलसिंह कुशवाहा ने एसपी को दिए प्रार्थना पत्र में कहा कि शहर के नगला खानपुर निवासी पृथ्वीराज और जिला एटा के गढ़िया जगन्नाथ निवासी त्रिवन कुमार एटीएम में कैश लोडिंग का काम करते थे। इस दौरान इन कर्मचारियों को रूट संख्या दो पर आठ एटीएम में कैश डालने का कार्य सौंपा गया था। जिन एटीएम में कैश लोडिंग का काम पृथ्वीराज और त्रिवन कुमार करते थे, उन एटीएम में कैश लोडिंग की जिम्मेदारी 26 मार्च को रावेंद्र सिंह व संजीव कुमार को दी गई।
इस बदलाव के समय त्रिवन कुमार और पृथ्वीराज ने पासवर्ड को चोरी से देख लिया। इसके बाद त्रिवन और उसके साथी ने 13 अप्रैल तक एक्सिस बैंक और आईडीबीआई के एटीएम से 67 लाख 6 हजार 100 रुपये का गबन कर लिया। उन्होंने बताया कि एक्सिस बैंक के तीन अलग-अलग एटीएम आईडी से 12 लाख, 20 लाख व 8 लाख रुपये और आईडीबीआई की एक आईडी से 4 लाख रुपए का गबन किए गए हैं। जब इसकी जानकारी बैंक के अफसरों को हुई तो इसकी जांच शुरू कर दी गई। कंपनी के शाखा प्रबंधक फूलसिंह कुशवाहा ने जांच में पाया कि त्रिवन कुमार और पृथ्वीराज ने ही रुपयों का गबन किया गया।
एसपी के आदेश पर फतेहगढ़ पुलिस ने दोनों कर्मचारियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। घटना के खुलासे के लिए एसपी ने कई टीमों को लगाया गया। आनन फानन में पुलिस की टीमों ने आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। इसके साथ ही टीम ने सीसीटीवी फुटेज को भी देखा। पुलिस सूत्रों की मानें तो पकड़े गए युवकों के पास से लाखों की नगदी भी बरामद की गई। मंगलवार को इसका खुलासा होने की संभावना है।












Click it and Unblock the Notifications