कन्नौज में हुए दो सड़क हादसों में दो की मौत, 50 घायलों में कई गंभीर
कन्नौज। आगरा एक्सप्रेसवे का सफर जितना आसान है, उतना ही मौत का सफर बनता जा रहा है। कम दूरी और कम समय में तेज रफ्तार में चल रही गाड़ियों के चालक अपना सन्तुलन खो देते हैं जिससे गाड़ी डिवाइडर में टकराती है और पलक झपकते ही इंसान मौत के आगोश में सो जाता है। इसी तरह से एक गाड़ी हादसे का शिकार हुई जिसमें 22 लोग सवार थे जिसमें दो की मौके पर ही मौत हो गयी।

मैनपुरी के करहल के रहने वाले अजय और अंकित की मौत पर बिलख रहे परिजन यह नहीं जानते थे कि इनकी जिन्दगी का सफर यहीं खत्म हो जायेगा। सुबह यह सभी लोग मैनपुरी के बरनाल गांव से एक लोडर पर सवार होकर कन्नौज के गुरसहायगंज के पास भुड़ियन मन्दिर आ रहे थे कि लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर अचानक तेज रफ्तार की वजह से लोडर (पिकअप) गाड़ी अनियन्त्रित हो गयी और डिवाइडर से टकराकर पलट गयी जिसमें 25-30 लोग सवार थे। हादसे में अंकित और अजय की मौके पर ही मौत हो गयी तो वहीं 20 लोग गम्भीर रूप से घायल हो गये जिनको स्थानीय स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराया गया। कुछ लोगों की नाजुक हालत को देखते हुए मेडिकल कालेज तिर्वा रेफर कर दिया गया है।

बस की ट्रक से टक्कर
इत्रनगरी कन्नौज में सुबह अजमेर शरीफ से जायरीनों को लेकर आ रही एक बस की ट्रक से टक्कर हो गई इसमें कुल 57 लोग सवार थे जिसमें 30 लोग घायल हो गए हैं। इनमें से 11 गंभीर हैं। इनको कन्नौज जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

कन्नौज की छिबरामऊ कोतवाली अंतर्गत जीटी रोड पर ग्राम घिलोई के पास अजमेर शरीफ से श्रद्धालुओं को लेकर वापस जा रही बस के चालक को अचानक झपकी लग गई। इससे बस जीटी रोड किनारे खडे मौरंग लदे पंचर ट्रक से भिड़ गई। इसमें बस पर सवार जायरीनों में चीख पुकार मच गई। बस दुर्घटना की सूचना पर पुलिस पहुंची। इसके बाद घायलों को सौ शैया अस्पताल में भर्ती कराया गया। बस में कुशीनगर व गोरखपुर जिले के जायरीन थे, जो कि अजमेर शरीफ से लौट रहे थे। बस पर सवार सभी जायरीन चोटिल हो गए हैं। इनमें 30 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। करीब एक दर्जन लोग गंभीर हैं। एक महिला की हालत बेहद गंभीर होने पर इलाज के लिए छिबरामऊ सौ शैय्या अस्पताल से तिर्वा मेडिकल कालेज भेजा गया है।












Click it and Unblock the Notifications