सोनभद्र में बनेगा 'टूरिस्ट बैंग्लो', रोजगार के अवसर पैदा करेगा योगी का ये ड्रीम प्रोजेक्ट
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को विध्यांचल के सोनभद्र जिले को एक नई सौगात दी। दरअसल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए सोनभद्र में 'टूरिस्ट बैंग्लो' बनाने का फैसला किया है। सोनभद्र में फिल्म टूरिज्म हो या इको टूरिज्म, पर्यटन के लिहाज से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दिशा निर्देशों पर तेजी से कार्य किया जा रहा है। सोनभद्र में जल्द ही टूरिस्ट बैंग्लो, बॉयो टॉयलेट समेत कई योजनाओं पर काम पूरा होगा। इस योजना से प्रदेश के पर्यटकों संग विदेशी पर्यटक भी सोनभद्र की हस्तकला, किलों, प्रकृति और व्यंजनों का लुत्फ ले सकेंगे।

अगले 6 महीने में शुरू होगा काम
सोनभद्र में पर्यटकों की सुविधाओं में इजाफा करने के लिए टूरिस्ट बैंग्लो बनाने का निर्णय लिया गया है। जिसके तहत वाराणसी व मिर्जापुर मंडल के पर्यटन अधिकारी कीर्तिमान श्रीवास्तव ने पांच एकड़ की जमीन का प्रस्ताव बनाकर सोनभद्र के डीएम एस राजलिंगम को भेजा है। कीर्तिमान श्रीवास्तव ने बताया कि छह महीनें के भीतर बैंग्लो का काम शुरू कर दिया जाएगा। जिलाधिकारी द्वारा इस संबंध में विस्तृत कार्ययोजना बना कर काम करने के लिए टूरिज्म वेलफेयर एसोसिएशन के सदस्यों को आमंत्रित किया जा चुका है।
281 लाख रुपए की आएगी लागत
सोनभद्र में वे फाइडिंग ट्रैफिक सोल्यूशन की स्थापना के कार्य के लिए 281.37 लाख की लागत राशि को स्वीकृत किया गया है। वे फाइडिंग ट्रैफिक सोल्यूशन के तहत सोनभद्र मे जगह-जगह पर पर्यटकों की सुविधाओं के लिए साइनबोर्ड लगाए जा रहे हैं। इन साइनबोर्ड में पर्यटन स्थ्ल से जुड़ी जरूरी जानकारी को चिन्हित किया जाएगा। जगह जगह पर लगने वाले साइनबोर्ड का काम शुरू किया जा चुका है। जिसके तहत 25 लाख का काम पूरा हो चुका है। इसके साथ ही जहां एक ओर फिल्म टुरिज्म को बढ़ावा देने के लिए टूर ऑपरेटर काम कर रहे हैं वहीं दूसरी ओर रॉक क्लाइंबिंग, वाटर स्पोर्ट्स, ट्रैकिंग भी पर्यटकों को सोनभद्र की ओर आकर्षित करेंगे।
बढ़ेंगे रोजगार और पर्यटन के अवसर
सोनभद्र में एयरपोर्ट का निर्माण होने से न केवल वहां पर्यटन बढ़ेगा बल्कि औद्योगिक विकास के साथ रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोनभद्र को सौगात देते हुए वहां एक एयरपोर्ट बनाने की घोषणा भी की थी जिसका काम तेजी से किया जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications