ना-ना करते क्यों राजनाथ ही बनेंगे यूपी के नाथ? पांच वजहें
5 बड़ी वजहें जिसके चलते राजनाथ सिंह का उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनना लगभग तय, जल्द हो सकती है नाम की घोषणा
लखनऊ। यूपी चुनावों के परिणाम आने के बाद भाजपा के भीतर मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर मंथन चल रहा है, तमाम चेहरों पर चर्चा चल रही है जिसमें केशव प्रसाद मौर्या, योगी आदित्यनाथ, महेश शर्मा, मनोज सिन्हा अहम हैं। लेकिन इन सबसे से आगे गृहमंत्री राजनाथ सिंह का नाम चल रहा है। माना जा रहा है कि राजनाथ सिंह के नाम पर भाजपा और आरएसएस दोनों ही अपनी मुहर लगा चुके हैं और जल्द ही इसका ऐलान किया जा सकता है।

पीएम ऐसा चेहरा चाहते हैं जो यूपी की जनआकांशक्षाओं को पूरा कर सके
उत्तर प्रदेश में भाजपा को प्रचंड बहुमत मिलने के बाद सूत्रों की मानें तो पार्टी राजनाथ सिंह को मुख्यमंत्री बनाने का फैसला ले चुकी है और जल्द ही उनके नाम की घोषणा हो सकती है। यूपी में जिस तरह से भाजपा को प्रचंड बहुमत मिला है उसे देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चाहते हैं कि वह लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरें, लिहाजा राजनाथ सिंह जैसे अनुभवी चेहरे को वह तरजीह देना चाहते हैं।

अमित शाह, मोदी और आरएसएस राजनाथ के पक्ष में हैं
यूपी में मुख्यमंत्री पद के नाम पर राजनाथ सिंह के सबसे आगे होने की अहम वजह है उनका यूपी में बतौर मुख्यमंत्री के तौर पर मुख्यमंत्री का अनुभव। राजनाथ सिंह के अनुभव को देखते हुए आरएसएस और भाजपा उन्हें प्रदेश की कमान सौंपने के पक्ष में है। राजनाथ सिंह की अमित शाह के साथ हुई मुलाकात के बाद माना जा रहा है कि गृहमंत्री के पदभार से जल्द ही राजनाथ सिंह को मुक्त किया जा सकता है और उन्हें यूपी भेजा जा सकता है।

पूर्व सीएम के तौर पर राजनाथ सिंह एक अनुभवी चेहरा हैं
यूपी भाजपा अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्या ने मंगलवार को प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात की थी, सूत्रों की मानें तो इस मुलाकात के दौरान पीएम ने उनके साथ यूपी के सीएम के नाम पर चर्चा की। भाजपा इस बात की पक्षधऱ है कि यूपी की कमान ऐसे हाथ में देनी चाहिए जो अनुभवी हो। राजनाथ सिंह यूपी में सीएम का पद संभाल चुके हैं और उनके कार्यकाल को बेहतर प्रशासनिक कार्यकाल के तौर पर जाना जाता है, इसके अलावा उनके पास राज्य के साथ केंद्र की राजनीति का भी लंबा अनुभव है जोकि उनके पक्ष में जा सकता है।

राजनाथ ऐसा चेहरा हैं जो सभी समुदायों के लिए स्वाकार्य होगा
राजनाथ सिंह को ऐसे नेता के तौर पर जाना जाता है जो तमाम वर्गों के बीच लोकप्रिय हैं। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के बाद राजनाथ सिंह को ऐसे चेहरे के तौर पर देखा जाता है जो हिंदू, मुस्लिम दोनों ही समुदायों के बीच आसानी से अपनी पैठ बनाने में के लिए जाने जाते हैं। यूपी में जिस तरह से भाजपा ने एक भी मुस्लिम उम्मीदवार को टिकट नहीं दिया उसपर भी राजनाथ सिंह ने कहा था कि भाजपा को मुस्लिम उम्मीदवारों को भी टिकट देना चाहिए था।

यूपी को उत्तम प्रदेश बनाने के अभियान में राजनाथ का प्रशासनिक अनुभव सब पर भारी है
भाजपा में तमाम नेताओं के नामों पर नजर डालें तो एक भी ऐसा चेहरा सामने निकलकर नहीं आता है जो अनुभव के मामले में उनसे अधिक हो। राजनाथ सिंह को यूपी की सक्रिय राजनीति का लंबा अनुभव है और बतौर यूपी के सीएम उनका प्रशासनिक अनुभव काफी लंबा है, लिहाजा राजनाथ सिंह के नाम के आगे कोई भी दूसरा चेहरा नहीं टिकता है। राजनाथ सिंह के अलावा यूपी के सीएम के तौर पर केशव प्रसाद मौर्या, मनोज सिन्हा, योगी आदित्यनाथ और मेहश शर्मा का नाम भी है, मुमकिन है कि आज सीएम के नाम की घोषणा हो सकती है।












Click it and Unblock the Notifications