संभल में कुत्तों का खूनी आतंक, युवती और दो बच्चों की मौत, घायलों को नहीं मिल पा रहा इलाज
संभल। उत्तर प्रदेश के जनपद संभल के चंदौसी कोतवाली क्षेत्र में जंगली कुत्तो ने इन दिनों अपना आतंक मचाया हुआ है। हालात इतने ख़राब हैं कि एक ही दिन में तीन लोगों की मौत हुई। मरने वालों में दो मासूम और एक युवती शामिल हैं। लगभग 15 दिन पूर्व इलाके के ही जंगली कुत्ते ने लगभग दो दर्जन लोगों को अपना शिकार बनाया था जिसके बाद एक के बाद एक तीन की मौत हो गयी।

दो बच्चों की गई जान
5 साल की मासूम जरीन अपने घर के बाहर खेल रही थी। तभी जंगली कुत्ते ने मासूम पर हमला कर दिया। बच्ची को लेकर परिजन सरकारी अस्पताल पहुंचे। वहां से उनको लौटना पड़ा क्योंकि बताया गया कि इंजेक्शन खत्म हो गए हैं। इलाज के अभाव के चलते उसकी मौत हो गयी। वहीं 5 साल का मासूम अनिल भी उसी इलाके में अपने घर के बाहर खेल रहा था, तभी कुत्तों ने उसको भी अपना निशाना बनाया। उसको भी तत्काल अस्पताल ले जाया गया। हालत को देखते हुए उसको भी एक इजेक्शन लगाया गया और अगली तारीख दी गयी। अगली तारीख पर उसको भी इजेक्शन ख़त्म होने की बात कह दी गई और कह दिया गया कि अब ये ठीक है, घर ले जाओ। इस बच्चे की भी मौत हो गई।

कुत्तों के हमले के बाद नेहा की भी मौत
19 वर्षीय नेहा अपने घर में सो रही थी तभी उसको भी जंगली कुत्तो ने उस पर हमला किया। घायल युवती को भी इलाज के लिए सीएचसी चंदौसी ले जाया गया पर उसको वहां से भगा दिया और उससे पैसे की मांग की गयी। उसको तत्काल इलाज नहीं दिया गया। उसकी भी इलाज के अभाव के चलते मौत हो गयी। कुत्तों के हमले से करीब 12 लोग जख्मी हैं जिनको अभी तक इलाज ठीक से नहीं मिल पाया है।

सरकारी अस्पताल में इंजेक्शन नहीं
परिजनों का आरोप है कि जब-जब हम गये तब-तब हमें भगा दिया और कहा गया कि सरकार की तरफ से इंजेक्शन नहीं आता है। प्राइवेट मेडिकल ले लेकर आओ तब लगेगा या 300 रुपये दो तब लगेगा। वहीं इन आरोपों से सीएचसी इंचार्ज मनोज कुमार ने मना किया है और खुद पर लगे आरोपों की जांच कराने का हवाला दिया है।












Click it and Unblock the Notifications