आजम खान का नाम लेकर इलाहाबाद हाईकोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी
ये खत गेट नंबर तीन पर मिला है। बता दें कि इसी गेट से वकीलों का आना-जाना है। भीड़ का ही फायदा उठाकर ये खत गिराया गया होगा।
इलाहाबाद। इलाहाबाद हाईकोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। हाईकोर्ट के गेट नंबर तीन पर धमकी भरा खत मिला है। जिसमें शुक्रवार को हाईकोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी लिखी है। खत को सुरक्षा में तैनात सीआरपीएफ की यूनिट ने देखा। जिसकी सूचना कमांडेंट समेत डीएम और एसएसपी को दी गई। सुरक्षा एजेंसियों से जुड़े अधिकारियों ने छानबीन शुरू कर दी है। जबकि आईबी और लोकल इंटेलिजेंस यूनिट से भी इनपुट मांगा गया है। खत को किसने रखा ये पता लगाने के लिए क्राइम ब्रांच की 10 टीम सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही हैं। सुबह से हाईकोर्ट के अंदर और बाहर सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है।

क्या लिखा है खत में?
सफेद कागज पर लाल स्याही से लिखा हुआ खत प्रशासन ने अभी तक मीडिया के सामने पेश नहीं किया है। जिससे पूरी बातें तो स्पष्ट नहीं हो सकी हालांकि खत में लिखी बातों को मीडिया से शेयर किया गया। धमकी भरे खत में कहा गया है कि 'पूर्व मंत्री आजम खान को हाईकोर्ट बुलाया गया। अभद्र भाषा और अपशब्दों का प्रयोग कर उनपर अभद्र टिप्पणी की गई। ये रवैया नाकाबिले बर्दाश्त है। इसका बदला शुक्रवार को लिया जाएगा। शुक्रवार को हाईकोर्ट बम से उड़ा दिया जाएगा।' ये खत गेट नंबर तीन पर मिला है। बता दें कि इसी गेट से वकीलों का आना-जाना है। भीड़ का ही फायदा उठाकर ये खत गिराया गया होगा।

क्या बोले एसएसपी?
मामले में एसएसपी आनंद कुलकर्णी ने बताया कि डीजीपी और प्रमुख सचिव को फोन पर जानकारी दी गई है और बाद में रिपोर्ट भेजी जाएगी। फिलहाल हाईकोर्ट सहित आसपास के सीसीटीवी फुटेज चेक हो रहे हैं। एलआईयू, आईबी और पुलिस की टीम पड़ताल कर रही है। वहीं हाईकोर्ट के दायरे में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।












Click it and Unblock the Notifications