'अभी बहुत टाइम, चुनाव के बाद...', वरुण का टिकट कटने पर मेनका गांधी ने क्या कहा?
भाजपा नेता व सुलतानपुर लोकसभा सीट से सांसद मेनका गांधी ने अपने बेटे वरुण गांधी को इस बार चुनाव में मौका ना मिलने पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा है कि वे भाजपा के साथ हैं और खुश हैं। वरुण को बीजेपी से इस बार मौका ना मिलने पर उन्होंने कहा कि अभी समय है और लोकसभा चुनाव बाद इस पर निर्णय लिया जाएगा कि आगे क्या करना है।
पीलीभीत से मौजूदा सांसद वरुण गांधी को बीजेपी ने इस बार लोकसभा चुनाव में मौका नहीं दिया है। टिकट कटने के बाद हालांकि बीजेपी नेता ने अब तक कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है, वहीं वरुण की मां और सुल्तानपुर सांसद मेनका गांधी ने पार्टी के खिलाफ कोई भी टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।

उन्होंने वरुण को लेकर एक सवाल के जवाब में कहा, "...चुनाव के बाद देखेंगे, अभी बहुत समय है...मैं बीजेपी में हूं और मुझे बहुत खुशी है कि मैं मैं बीजेपी में हूं।"
वहीं बीजेपी में कथित उपेक्षा की आरोपों को उन्होंने खारिज कर दिया। दूसरी ओर कांग्रेस की ओर से गांधी परिवार में शामिल होने के सुझाव पर उन्होंने कांग्रेस को दो टूक जवाब दिया। मेनका ने कहा कि वे भाजपा में हैं और बहुत खुश हैं।
सुलतानपुर लोकसभा सीट से एक मौके को छोड़कर कोई भी प्रत्याशी लगातार दूसरी बार चुनाव नहीं जीता है। महज एक बार अपवाद के तौर पर बीजेपी के डीबी राय साल 1996 और साल 1998 में लगातार दो बार यहां से चुनाव जीतने में सफल रहे। साल 2014 में सुलतानपुर लोकसभा सीट पर वरुण गांधी ने जीत दर्ज की थी।
जेपी द्वारा दूसरी बार सुलतानपुर से प्रत्याशी बनाई गई मेनका गांधी से जब टिकट घोषित किए जाने में हुई देरी को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने का कि उनका चुनाव लड़ना तो तय था लेकिन निर्वाचन क्षेत्र तय करने के कारण घोषणा में देरी हुई। मेनका गांधी ने कहा, "मेरा चुनाव लड़ना तय था, लेकिन किस क्षेत्र से लड़ना है इसी को लेकर देरी हुई।"












Click it and Unblock the Notifications