फर्रुखाबाद: स्कूल की छत की बाउंड्री के साथ पड़ोस के आंगन में गिरे छात्र, कई जख्मी
Uttar pradesh News, फर्रुखाबाद। उत्तर प्रदेश में फर्रुखाबाद शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला शांति नगर बिर्राबाग में स्थित स्मार्ट किड्स वैली एजुकेशन की छत पर बनी दीवार अचानक भरभरा कर गिर गयी जिसके साथ आधा दर्जन मासूम छात्र भी छत से नीचे गिर गये। नीचे गिरने से वह गम्भीर रूप से जख्मी हो गये। आनन-फानन में छात्रों को एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती किया गया।

शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला शांति नगर पजाबा में स्मार्ट किड्स एकादमी स्कूल है जिसमें दोपहर को बच्चों का लंच का समय था। कुछ बच्चे छत पर खेल रहे थे। बाउंड्री काफी कमजोर थी उसका सहारा लेकर बच्चे खेल रहे थे। अचानक छत की बाउंड्री बाल भरभराकर पड़ोसी के आंगन में गिर गयी। उसके साथ ही कादरी गेट निवासी बलराम दुबे का 10 वर्षीय पुत्र दिव्यांश दुबे, मोहल्ला गंगानगर निवासी 10 वर्षीय कुनाल व आवास विकास निवासी श्याम पाल यादव का 11 वर्षीय पुत्र उज्जबल यादव सहित आधा दर्जन छात्र जख्मी हो गये।

बाउंड्री पड़ोसी देवेश वाजपेयी के घर में गिरी। बच्चों के छत से गिरकर घायल होने की खबर से हड़कंप मच गया। विद्यालय की तत्काल छुट्टी कर दी गयी। विद्यालय की अध्यापक सुनीता व ममता घायल छात्रों को एक निजी अस्पताल में लेकर पंहुची जहां पर कुछ बच्चों को परिजन अन्य जगह उपचार कराने ले गये। इस घटना में कोई भी अधिकारी बोलने से बच रहा है।












Click it and Unblock the Notifications