यूपी: किताब न लाने पर टीचर ने मारा ऐसा थप्पड़ कि फट गया कान का पर्दा
शाहजहांपुर। यूपी के शाहजहांपुर में एक बार फिर टीचर की हैवानियत सामने आई है। यहां 7वीं क्लास के एक छात्र को स्कूल में किताब लेकर न जाना भारी पड़ गया। नाराज स्कूल टीचर ने छात्र के कान पर जोरदार थप्पड़ जड़ दिया। इससे छात्र के कान का पर्दा फट गया और खून निकलने लगा। स्कूल की छुट्टी के बाद घर पहुंचे बच्चे ने मां को सारी बात बताई।

शाहजहांपुर के चमकनी गढ़ीपुरा निवासी मुशन खान का बेटा डॉन एण्ड डोना इंग्लिश मीडियम स्कूल में 7वीं क्लास में पढ़ता है। 10 अगस्त को छात्र स्कूल गया था। इस दौरान वह किताब ले जाना भूल गया था। इससे नाराज टीचर वैभव ने कान पर थप्पड़ मार दिया। थप्पड़ लगने से बच्चे के कान से खून बहने लगा। खून देखकर टीचर ने आदि के कान में रुई लगा दी। स्कूल से छुट्टी के बाद आदि जब घर पहुंचा तो उसने सारी बात अपनी मां को बताई। इसके बाद चांद बी अपने बेटे को डॉक्टर के पास ले गई। कान की जांच करने के बाद डॉक्टर ने बताया कि थप्पड़ लगने से कान का पर्दा फट गया है।
प्रिंसिपल से की शिकायत
परिजनों ने बताया कि आरोपी टीचर की शिकायत लेकर स्कूल पहुंचे तो टीचर वैभव ने उन्हें धमकाया। लेकिन चांद बी ने प्रिंसिपल से आरोपी टीचर की शिकायत की और कार्रवाई का इंतजार करती रही। लेकिन जब टीचर पर कोई कार्रवाई नहीं हुई तो बुधवार को थाने पहुंचकर आरोपी टीचर के खिलाफ तहरीर दी। फिलहाल पुलिस ने तहरीर लेकर कार्रवाई का आश्वासन दिया है। वहीं, सीओ सिटी सुमित शुक्ला ने बताया कि मामला मेरे संज्ञान मे नहीं है। तहरीर अगर थाने पर आ गई है तो इस मामले पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications