कन्नौज: लड़की के नंबर के चक्कर में कॉलेज के दो गुट भिड़े, पथराव
कन्नौज। उत्तर प्रदेश के कन्नौज में पीएसएम कॉलेज में प्रवेश प्रक्रिया के दौरान छात्रों के दो गुट आपस में भिड़ गए। दोनों तरफ से कॉलेज परिसर के अंदर ही पथराव होने लगा। कॉलेज प्रशासन की सूचना पर पहुंची पुलिस ने पथराव कर रहे छात्रों पर लाठियां फटकारी तो सभी वहां से भाग गए। पथराव में दो छात्रों के सिर फट गए तो कई छात्र घायल हो गए। जिन्हें इलाज के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल पुलिस ने एक पक्ष की तहरीर पर 10 नामजद और कई अज्ञात छात्रों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।

प्रवेश प्रक्रिया के बीच पथराव
मंगलवार को कन्नौज के पीएसएम कॉलेज में प्रवेश प्रक्रिया चल रही थी। इस बीच एक छात्रा प्रवेश कराने आई थी। उसका फार्म जमा कराने को लेकर वहां छात्रों के दो गुटों में विवाद हो गया। दोनों पक्षों में मारपीट होने लगी। इसी बीच उन्होंने फोन करके अपने अपने साथियों को बुला लिया। कुछ देर बाद 40 से 50 लोग वहां पहुंच गए और लाठी-डंडे व ईंट-पत्थर चलने लगे। इससे कालेज में अफरातफरी मच गई। मारपीट में एक पक्ष के शेखाना निवासी राजा सिद्दीकी व उसके भाई अब्दुल कादिब का सिर फट गया, जबकि कई अन्य घायल हो गए। मौके पर कोतवाली प्रभारी एके सिंह फोर्स के साथ पहुंच गए और उपद्रव कर रहे लोगों पर लाठियां फटकारीं। कुछ देर बाद एसपी किरीट राठौड़, एडीएम डीपी सिंह, सीओ श्रीकांत प्रजापति समेत पहुंचे। कॉलेज में फोर्स तैनात कर दिया गया।

घायल ने 10 नामजद और कई अज्ञात में कराई FIR
पुलिस एक पक्ष से शेखाना निवासी अब्दुल कादिब, राजा, मो. दाउद समेत उसके आधा दर्जन साथियों को कोतवाली ले आई और मेडिकल कराया। अब्दुल ने बताया कि उसका भाई राजा साथियों के साथ एमए प्रथम वर्ष में प्रवेश कराने गया था। छात्र संघ के नेताओं ने भाई से अभद्र टिप्पणी की। विरोध करने पर मारपीट हो गई। भाई के फोन करने पर वह साथियों के साथ उसे बचाने गया था। जहां पथराव में उसका व उसके भाई का सिर फट गया। अब्दुल ने दूसरे पक्ष के पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष चंदन यादव, महामंत्री राज यादव, कुलदीप, शुभम, अजय शर्मा, अमन यादव, दीपक, अजय यादव, कप्तान यादव, संदीप यादव समेत कई अज्ञात पर मुकदमा दर्ज कराया।

बिखरे पड़े रहे ईंट पत्थर, पेड़ से तोड़े डंडे
पीएसएम कॉलेज में दो गुटों के बीच हुई झडप के बाद कॉलेज परिसर में ईंट पत्थर बिखरे पड़े रहे। वहीं मारपीट के दौरान कुछ लोगों द्वारा पेड से डंडे तोड़े गए। कई पेडों में टहनियां टूटी हुई लटकी पाई गईं।
ये भी पढ़ें -काला कोट पहनकर वकील बने जल्लाद, युवक के सिर, मूंछ और दाढ़ी के बाल मुड़वाये, देखें वीडियो












Click it and Unblock the Notifications