48वां जन्मदिन मना रहे सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव हैं कुल कितनी संपत्ति के मालिक ? जानिए
लखनऊ, 1 जुलाई: समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव आज 48वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस मौके पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी ट्वीट करके अपने पूर्व समकक्ष को बधाई दी है। सीएम ने ट्विटर पर लिखा है, "उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अखिलेश यादव जी को जन्मदिवस की हार्दिक बधाई। प्रभु श्री राम से आपके उत्तम स्वास्थ्य एवं सुदीर्घ जीवन की कामना करता हूं।" अखिलेश यादव अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में विपक्ष की ओर से सबसे बड़ा चेहरा बनते दिख रहे हैं। ऐसे में आइए उनके और उनका परिवार से जुड़ी कुछ खास बातें जानते हैं।

अखिलेश यादव का राजनीतिक बैकग्राउंड
अखिलेश यादव 2012 से 2017 के बीच पांच साल तक देश के सबसे बड़े सूबे के मुख्यमंत्री रह चुके हैं। 2022 के यूपी विधानसभा चुनाव में वो एकबार फिर प्रदेश की सियासी बाजी पलटने की तैयारियों में जुट चुके हैं। वह यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के बेटे हैं, इस नाते राज्य की राजनीति उन्हें विरासत में मिली हुई है। लेकिन, उनका अपना बनाया भी एक सियासी बैकग्राउंड है और उसके चलते वह पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों के बीच युवाओं के रहनुमा बनकर भी उभरे हैं। इसका कारण ये है कि सपा समर्थकों के बीच उनकी छवि एक पढ़े-लिखे युवा नेता की बनी हुई है, जिसके पीछे उनका एजुकेशनल क्वालिफिकेशन है। मुलायम ने भले ही राजनीति में पूरा जीवन बिताया, लेकिन बेटे की पढ़ाई-लिखाई पर ध्यान देने की भरपूर कोशिश भी की।
Recommended Video

अखिलेश यादव की शिक्षा
1 जुलाई, 1973 को जन्मे अखिलेश यादव की स्कूली शिक्षा राजस्थान के धौलपुर स्थित आर्मी स्कूल में हुई। कहते हैं कि आर्मी स्कूल के चलते उन्हें अपने जीवन को अनुशासन में ढालने में बहुत मदद मिली। उन्होंने मैसूर यूनिवर्सिटी से सिविल इंवायरमेंटल इंजीनियरिंग में बैचलर और मास्टर्स की डिग्री ली है। इसके बाद मुलायम ने उन्हें हायर एजुकेशन के लिए ऑस्ट्रेलिया भेज दिया, जहां उन्होंने सिडनी यूनिवर्सिटी से पर्यावरण में मास्टर्स किया।

अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव
अखिलेश यादव वेल एजुकेटेड हैं तो उनकी पत्नी डिंपल यादव भी पीछे नहीं हैं। डिंपल भी आर्मी स्कूल की प्रोडक्ट हैं और पुणे, बठिंडा से लेकर अंडमान निकोबार तक के आर्मी स्कूल से पढ़ चुकी हैं। अखिलेश के ससुर आर्मी ऑफिसर थे, लिहाजा डिंपल यादव को उनके ट्रांसफर के साथ देश के कई इलाकों में स्कूल बदलने पड़े। स्कूली शिक्षा पूरी करने के बाद उन्होंने लखनऊ विश्वविद्यालय से कॉमर्स में ग्रैजुएशन किया और फिर कम्यूटर में डिप्लोमा का कोर्स भी किया।

अखिलेश यादव के बच्चे
अखिलेश यादव और डिंपल यादव की तीन संतानें हैं। दो बेटी और एक बेटा। बड़ी बेटी अदिति यादव ने पिछले साल ही काउंसिल फॉर इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशन (CISCE) की 12वीं बोर्ड परीक्षा में 98 फीसदी अंक प्राप्त किए थे। इस बात की जानकारी खुद अखिलेश यादव ने ही ट्विटर पर दी थी। इनकी दूसरी बेटी का नाम टीना यादव और बेटे का नाम अर्जुन यादव है। अदिति सोशल मीडिया पर भी काफी सक्रिय रहती हैं। बाकी अर्जुन और टीना अभी छोटे हैं।

अखिलेश यादव की कुल संपत्ति कितनी है
2019 के लोकसभा चुनाव में अखिलेश यादव ने चुनाव आयोग को एफिडेविट दिया था, उसके मुताबिक उनकी पत्नी डिंपल यादव के साथ मिलाकर उनके पास कुल 37 करोड़ रुपये की संपत्ति थी। यूपी के पूर्व सीएम ने जो प्रॉपर्टी का ब्योरा दिया था, उसके मुताबिक उनके पास 7.9 करोड़ रुपये की चल संपत्ति थी और 16.90 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति थी। इस तरह से अखिलेश ने अपने नाम पर कुल 24.8 करोड़ रुपये की संपत्ति दिखाई थी। जबकि, उनकी पत्नी डिंपल ने 3.68 करोड़ रुपये की चल और 9.30 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति का ब्योरा दिया था।

अखिलेश यादव की संपत्ति का बाकी ब्योरा
दो साल पुराने एफिडेविट के मुताबिक साल 2013-14 में अखिलेश यादव की कमाई 1.25 करोड़ रुपये थी, जो कि 2017-2018 में घटकर मात्र 84.83 लाख रुपये रह गई थी। लेकिन, उनकी पत्नी की आय के साथ उलटा हुआ। डिंपल यादव की कमाई 2013-14 में 28,31,838 रुपये थी, जो कि 2017-18 में बढ़कर 61,16,108 रुपये हो गई थी। उस समय अखिलेश यादव के पास 3.91 लाख रुपये का कैश था, जबकि डिंपल के हाथ में 4,03,743 रुपये थे। चुनावी हलफनामे में अखिलेश यादव ने अपने पास 76,000 रुपये का एक सेलुलर फोन, 17,085 रुपये के फर्नीचर और 5.34 लाख रुपये के व्यायाम वाले उपकरण होने की बात कही थी। जबकि डिंपल ने ज्वेलरी का जो ब्योरा दिया था उसमें उनके पास 59.76 लाख रुपये के सोने, हीरे और पर्ल थे। इसके अलावा उनके पास 1.25 रुपये का एक कंप्यूटर भी था।(कुछ तस्वीरें- अखिलेश और डिंपल यादव के ट्विटर से)












Click it and Unblock the Notifications