इलाहाबाद में पूर्व मंत्री राकेशधर त्रिपाठी के भतीजे सपा नेता गिरफ्तार
सपा नेता के खिलाफ हेराफेरी के मामले में अदालत ने वारंट जारी किया गया। गिरफ्तार नेता पूर्व मंत्री राकेशधर त्रिपाठी के भतीजे हैं।
इलाहाबाद। सूबे में सत्ता बदलते ही सपा नेताओ की मुश्किलें बढने लगी हैं। गुरुवार को इलाहाबाद पुलिस ने पूर्व ब्लॉक प्रमुख व सपा नेता नरेन्द्र त्रिपाठी को उनके घर से गिरफ्तार कर लिया। मालूम हो कि नरेंद्र पूर्व मंत्री राकेश धर त्रिपाठी के भतीजे हैं। सपा नेता नरेंद्र को हेराफेरी करने के मामले में अदालत से वारंट जारी होने के बाद गिरफ्तार किया गया है।

मालूम हो कि लोक निर्माण विभाग में हनक पर ठेका दिलाने वाले सपा नेताओ की शिकायतें आई थीं। जिस पर डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने ठेके रद्द करने का विचार तक व्यक्त कर दिया था। ऐसे में अचानक से पुलिस का सपा नेता पर एक्शन व्यवस्था बदलने के संकेत के रूप में लिया जा रहा है।
महिला सीट हुई तो बहू बनी प्रमुख
इलाहाबाद के सैदाबाद ब्लाक से पिछले बार सपा के टिकट पर नरेन्द्र त्रिपाठी चुनाव लड़े और जीतकर प्रमुख बने थे। इस बार सैदाबाद सीट महिला के लिये आरक्षित होने पर नरेन्द्र त्रिपाठी ने अपनी बहू भार्गवी त्रिपाठी को चुनाव में उतारा। मौजूदा समय में भार्गवी ही ब्लाक प्रमुख हैं।
घर पर छापेमारी
सपा नेता नरेन्द्र के खिलाफ 2014 में सिविल लाइंस थाने में हेराफेरी का मुकदमा दर्ज हुआ था। इस मामले में उन्हें कोर्ट में हाजिर होना था लेकिन पेश नहीं हुये। अदालत ने नरेंद्र के विरूद्ध गैर जमानती वारंट जारी किया। जिस पर पुलिस एक्शन में नजर आयी और नरेन्द्र त्रिपाठी को मुठ्ठीगंज पुलिस ने गुरुवार की सुबह इलाहाबाद स्थित आवास से गिरफ्तार कर लिया।
पूर्व मंत्री राकेश धर के भतीजे
नरेंद्र हंडिया कोतवाली के बजहा मिश्रान के चौरा ग्राम सभा के रहने वाले हैं। इनके चाचा कई बार मंत्री रह चुके राकेश धर त्रिपाठी इस चुनाव में भाजपा के साथ चले गये थे। उन्होने अपनी पत्नी को हंडिया सीट से विधानसभा चुनाव लड़ाया था। हालांकि वह चुनाव जीत नहीं नहीं सकी थी । जबकि भतीजे नरेंद्र सैदाबाद से अपनी बहू को प्रमुख बनाने में कामयाब हुये थे।












Click it and Unblock the Notifications