सपा नेता ने 11 मार्च को कराया सीएम योगी का रिटर्न टिकट, कहा- 'इसे संभाल के रखिए'
नई दिल्ली, 9 जनवरी: चुनाव आयोग ने शनिवार को पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया। जिसमें देश का सबसे बड़ा सूबा उत्तर प्रदेश भी शामिल है। इस चुनाव के नतीजे 10 मार्च को आएंगे। तारीखें पता चलते ही सभी राजनीतिक पार्टियां प्रचार अभियान में जुट गई हैं, लेकिन समाजवादी पार्टी के नेता और प्रवक्ता आईपी सिंह ने एक ऐसा कदम उठाया, जिसकी चर्चा सोशल मीडिया पर खूब हो रही है। साथ ही इस कदम से बीजेपी और सपा कार्यकर्ताओं में जुबानी जंग भी शुरू हो गई।

दरअसल आईपी सिंह ने आगामी चुनाव में जीत का दावा करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के लिए एक टिकट बुक करवाया। ये टिकट 11 मार्च का लखनऊ से गोरखपुर के लिए है। टिकट की फोटो ट्विटर पर शेयर करते हुए उन्होंने लिखा कि 10 मार्च जनता का दिन होगा, 10 मार्च प्रदेश में सच्चाई का सूरज निकलेगा और सपा प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। इस वजह से मैंने योगी आदित्यनाथ जी के लिए लखनऊ से गोरखपुर का 11 मार्च का रिटर्न टिकट बुक कर दिया है। उन्होंने आगे लिखा कि ये टिकट संभाल के रखिए, क्योंकि हार के बाद आपको बीजेपी भी नहीं पूछेगी।
एयर इंडिया की है फ्लाइट
वहीं हमारी टीम ने जब स्क्रीनशॉट में दिए पीएनआर की डिटेल चेक की, तो ये सही निकला। एयर इंडिया की ये फ्लाइट 11 मार्च 2022 को शाम 05.05 की है, जो एक घंटे बाद 06.05 पर गोरखपुर पहुंचेगी।
10 मार्च जनता का दिन होगा, 10 मार्च प्रदेश में सच्चाई का सूरज निकलेगा और सपा प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।
— I.P. Singh (@IPSinghSp) January 8, 2022
इसलिए मैंने @myogiadityanath जी के लिए लखनऊ से गोरखपुर का 11 मार्च का रिटर्न टिकट बुक कर दिया है।
यह टिकट सम्भाल कर रखिए, क्यूँ कि BJP भी नहीं पूछेगी आपको हार के बाद। pic.twitter.com/1mNb3a6a4H
7 चरण में है चुनाव
उत्तर प्रदेश में मतदान 10 फरवरी से शुरू हो रहा है। इसके बाद दूसरे चरण का मतदान 14 फरवरी, तीसरे चरण का मतदान 20 फरवरी, चौथे चरण का मतदान 23 फरवरी, 5वें चरण का मतदान 27 फरवरी, छठे चरण का मतदान 3 मार्च और 7वें चरण का मतदान 7 मार्च को होगा। वहीं पांचों राज्यों में 10 मार्च को एक साथ वोटों की गिनती की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications