जब मंच पर ही फूट-फूटकर रोने लगा सपा उम्मीदवार
जब अखिलेश यादव के सामने ही सपा उम्मीदवार फूट-फूटकर रोने लगे, पार्टी के भीतर खुद के विरोध से थे आहत, कार्यकर्ताओं ने मंच से हटाया।
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के सियासी संग्राम में तमाम उम्मीदवार अपनी जीत के लिए हर तरह के हथकंडे अपना रहे हैं, लेकिन देवरिया की बरहज सीट से सपा उम्मीदवार पीडी तिवारी ने कुछ अलग ही रास्ता अपनाया है। पीडी तिवारी उस वक्त मंच पर ही फूट-फूटकर रोने लगे जब अखिलेश यादव मंच पर ही मौजूद थे। मंच पर अचानक उम्मीदवार के रोने के बाद वहां मौजूद कार्यकर्ताओं ने उन्हें मंच से हटाया।

दरअसल बरहज सीट पर पीडी तिवारी को एक अन्य उम्मीदवार का टिकट काटकर पार्टी ने उन्हें उम्मीदवार बनाया है। पीडी तिवारी को प्रत्याशी बनाए जाने के बाद पार्टी के भीतर ही उनका काफी विरोध हो रहा है, पीडी तिवारी के समर्थकों का कहना है कि इसी बात को लेकर वह काफी परेशान हैं। ऐसे में जिस वक्त अखिलेश यादव उनके लिए प्रचार करने पहुंचे तो वह सीएम को धन्यवाद देते वक्त वहां फूट-फूटकर रोने लगे, जिसके बाद कार्यकर्ताओं ने उन्हें मंच से हटाया।
आपको बता दें कि पीडी तिवारी से पहले बरहज सीट से सपा ने गेंदालाल को उम्मीदवार बनाया था, लेकिन गेंदालाल का टिकट काटकर उनकी जगह पर पीडी तिवारी को टिकट दिया गया जिन्हें विधानसभा अध्यक्ष माता प्रसाद पांडेय का करीबी बताया जाता है। पीडी तिवारी को टिकट दिए जाने के बाद गेंदालाल ने भी इसका विरोध किया था। आपको बता दें कि अखिलेश यादव ने इस रैली में लोगों को संबोधित करते हुए पीएम मोदी पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि अगर प्रधानमंत्री जी का पीएम के पद पर दिल नहीं लग रहा है तो वह मुझसे अपने पद की अदला-बदली कर सकते हैं। वह चाहे तो यूपी का सीएम बन जाएं और मैं पीएम।












Click it and Unblock the Notifications