शिवपाल ने मोदी और योगी को किया ट्विटर पर फॉलो, बीजेपी में जाने की अटकलें
नई दिल्ली, 02 अप्रैल: प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व कैबिनेट मंत्री शिवपाल सिंह यादव ने राजनीति में बड़े संकेत दिए हैं। नाराज समाजवादी नेता शिवपाल सिंह यादव ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और पूर्व उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा को ट्विटर पर फॉलो करना शुरू कर दिया। जिसके बाद अटकलें लगाई जा रही हैं कि, शिवपाल सिंह यादव भाजपा में शामिल हो सकते हैं।

नवीनतम परिवर्तन के साथ अब शिवपाल सिंह यादव 12 लोगों को फॉलो कर रहे हैं। जिसमें अखिलेश यादव, आदित्य यादव, राहुल गांधी, पीएम मोदी, दिनेश शर्मा, दलाई लामा समेत कुछ अन्य शामिल हैं। सियासी हलकों में इस नए कदम को प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) के प्रमुख शिवपाल यादव के सपा गठबंधन को छोड़कर भाजपा में जाने की दिशा में एक और बड़ा कदम माना जा रहा है।
इससे पहले शिवपाल यादव ने हाल ही में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की थी। इस मुलाकात के दौरान दोनों के बीच करीब 20 मिनट तक बातचीत हुई थी। इस बातचीत से अटकलों का बाजार गर्म हो गया था। शिवपाल यादव ने हालिया विधानसभा चुनाव समाजवादी पार्टी के चुनाव चिह्न पर लड़ा था। शिवपाल यादव और अखिलेश यादव के बीच दूरियां तब से बढ़ रही हैं, जब शिवपाल को 26 मार्च को नव निर्वाचित सपा विधायकों की बैठक में नहीं बुलाया था।
वहीं प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता दीपक मिश्रा ने कहा कि नए साल में कुछ नया होना चाहिए। शिवपाल जी ने हिंदू नव वर्ष के पहले दिन पीएम मोदी, यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और पूर्व उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा को ट्विटर पर फॉलो करना शुरू किया है। शिवपाल के बीजेपी में जाने की संभावना पर मिश्रा ने कहा कि वह संभावनाओं से इनकार नहीं करते हैं। उन्होंने कहा कि राजनीति में संभावनाएं हमेशा जीवित रहती हैं।
शिवपाल यादव अगर पाला बदलते है तो कई लोगों को आश्चर्य नहीं होगा क्योंकि कई मौकों पर अखिलेश ने खुद अपने चाचा पर आदित्यनाथ के संपर्क में रहने और भगवा पार्टी के प्रति नरम रुख अपनाने का आरोप लगाया है। राजनीतिक गलियारों में इस बात के कयास लगाये जा रहे हैं कि भाजपा शिवपाल को राज्यसभा भेज सकती है और जसवंतनगर सीट उनके बेटे आदित्य यादव को दे सकती है। इस बार शिवपाल सपा के चुनाव चिह्न पर अपनी पारंपरिक जसवंतनगर सीट से छठी बार जीते हैं।












Click it and Unblock the Notifications