लखनऊ: तेज रफ्तार टैंकर ने पिकअप गाड़ी में मारी टक्कर, हादसे में 6 दिहाड़ी मजदूरों की मौत
लखनऊ, जून 18। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक भीषण सड़क हादसे में 6 लोगों की जान चली गई है, जबकि 6 अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं। जानकारी के मुताबिक, लखनऊ के बंथरा थाना क्षेत्र में शनिवार तड़के यह हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि एक तेज रफ्तार टैंकर की टक्कर पिकअप गाड़ी से हो गई। इस टक्कर में दोनों गाड़ियों के परखच्चे उड़ गए। इस हादसे में 13 से 15 साल के चार नाबालिग लड़कों समेत 6 लोगों की मौत हो गई है।

कैसे हुआ हादसा?
हिंदुस्तान टाइम्स की खबर के मुताबिक, हादसे में मारे गए सभी लोग दिहाड़ी मजदूर थे, जो काम की तलाश में लखनऊ जा रहे थे। बंथरा थाने के प्रभारी निरीक्षक अजय प्रताप सिंह ने बताया है कि यहा हादसा शनिवार सुबह ढाई बजे के करीब हुआ था। अजय प्रताप सिंह ने बताया कि लतीफ नगर के पास से जब यह टैंकर गुजर रहा था तो ड्राइवर को अचानक नींद आ गई और विपरीत दिशा से आ रहे दूसरे वाहन से यह जा टकराया। इस टक्कर में पिकअप गाड़ी के अंदर सवार 6 लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे में मारे गए सभी लोगों के शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिए गए हैं।
घायल और मृतकों की पहचान
थाना प्रभारी अजय प्रताप सिंह ने इस हादसे में मारे गए सभी मृतकों की पहचान बताई है। मृतकों की पहचान शैलेंद्र कुमार (35), पुरुषोत्तम (23), राम आधार (15), सांभर (13), जय करण (13) और राहुल (13) के रूप में हुई है। ये सभी हरदोई के अतरौली के रहने वाले थे। वहीं इस हादसे में घायल हुए लोगों में संतोष, कुलदीप, रामेंद्र, जितेंद्र, विवेक और शमीन का नाम शामिल है। इन सभी को इलाज के लिए लखनऊ के किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।
टैंकर चालक की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस के मुताबिक, हादसे के बाद टैंकर का चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने गाड़ी को जब्त कर ड्राइवर की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस ने बंथरा थाने में लापरवाही से वाहन चलाने से चोट लगने पर भारतीय दंड संहिता की धारा 279 और लापरवाही से वाहन चलाने से मौत होने पर धारा 304-ए के तहत मामला दर्ज कर लिया है।












Click it and Unblock the Notifications