योगी सरकार के एजेंडे में है श्रीराम जन्मभूमि कॉरिडोर प्रोजेक्ट, समीक्षा बैठक में CM ने दिए अहम निर्देश
लखनऊ, 25 अगस्त : उत्तर प्रदेश की योगी सरकार अयोध्या का कलेवर बदलने में जुटी हुई है। अयोध्या में करीब 20 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाएं चल रही हैं। ऐसा माना जा रहा है कि अयोध्या में राम मंदिर का गर्भगृह आम चुनाव से पहले श्रद्धालुओं के लिए खोला जा सकता है। यूपी सरकार भी चुनाव से पहले श्रीरामजन्मभूमि कॉरिडोर के निर्माण का काम पूरा करना चाहती है। इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है योगी इस अहम प्रोजेक्ट की लगाातर समीक्षा कर रहे हैं। अयोध्या में चल रही परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए CM ने कहा कि योजनाओं में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
Recommended Video

अधिकारियों ने बताया कि जिन परियोजनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई उनमें काशी विश्वनाथ धाम की तर्ज पर बन रही श्री राम जन्मभूमि कॉरिडोर परियोजना भी शामिल थी। उन्होंने अधिकारियों को परियोजना के काम में तेजी लाने के निर्देश दिए। सीएम ने पीडब्ल्यूडी अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि जल निकासी का काम जल्द से जल्द पूरा किया जाए और बिजली लाइनों को भूमिगत किया जाए।
श्रीरामजन्मभूमि कॉरिडोर के अलावा लता मंगेशकर चौक पर फोकस
उन्होंने कहा कि लता मंगेशकर चौक पर काम की गति बढ़ानी होगी। अयोध्या को सोलर सिटी बनाने का काम प्राथमिकता के आधार पर करना होगा। उन्होंने कहा कि लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विकास परियोजनाओं का क्रियान्वयन जल्द से जल्द किया जाना है। श्रीराम जन्मभूमि की ओर जाने वाली तीन सड़कों के लिए भूमि अधिग्रहण और इससे विस्थापित होने वालों के पुनर्वास का कार्य जल्द से जल्द किया जाना है।
अयोध्या की प्रमुख प्रोजेक्ट पर सीएम की नजर
योगी ने कहा कि सहादतगंज नया घाट से सुग्रीव किला होते हुए राम मंदिर तक सड़क का काम मार्च तक पूरा कर लिया जाए। इसी तरह फैजाबाद-अयोध्या मुख्य मार्ग से हनुमान गढ़ी से मंदिर तक का 'भक्ति पथ' अक्टूबर तक पूरा हो जाना चाहिए, जबकि सहादतगंज से नयाघाट तक का 'राम पथ' दिसंबर 2023 तक पूरा हो जाना चाहिए। मुख्यमंत्री ने टेढ़ी बाजार पूर्वी, टेढ़ी बाजार पश्चिमी, कौशलेश कुंज और अमीनागंज में चार आगामी पार्किंग स्थलों की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि सभी कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूरा किया जाए।
श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने तय की है नई डेडलाइन
गौरतलब है कि अयोध्या में बन रहे राम मंदिर के लिए श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने नई डेडलाइन तय की है। सूत्रों की माने तो ट्रस्ट की कोशिश है कि इस मंदिर निर्माण का अधिकांश काम आम चुनाव से पहले पूरा कर लिया जाए ताकि 2024 में होने वाले आम चुनाव में केंद्र की बीजेपी सरकार को इसका लाभ मिल सके। इस महीने के अंत में या सितम्बर के पहले सप्ताह में ट्रस्ट की एक बड़ी बैठक होगी जिसमें इस बात पर मंथन किया जाएगा कि निर्माण कार्य को और कैसे तेज किया जाए।
अब तक मंदिर निर्माण का 40 फीसदी काम पूरा
ट्रस्ट के अनुसार, मंदिर का लगभग 40% निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और मानसून के बाद स्तंभ बिछाने से संबंधित कार्य में तेजी लाई जाएगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 1 जून को वैदिक मंत्रों के बीच गर्भ गृह का शिलान्यास किया था। लेकिन शेष अयोध्या में विशाल राम जन्मभूमि परिसर में मंदिर निर्माण को समय से पूरा होने के लिए काम में तेजी लाए जाने की जरूरत है।












Click it and Unblock the Notifications