राष्ट्रपति के दौरे पर सपा का बयान, कहा- ऐसा लग रहा है कि भाजपा का कोई वरिष्ठ नेता यूपी आया है
लखनऊ, अगस्त 27। उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर प्रदेश में सियासी हलचलें तेज हो गई हैं। बीजेपी, कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और बीएसपी चुनाव की तैयारियों में जुट गई हैं। इन चुनावी तैयारियों के बीच गुरुवार से राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का उत्तर प्रदेश का चार दिवसीय दौरा शुरू हो गया है। इस दौरे को लेकर समाजवादी पार्टी ने बीजेपी पर निशाना साधा है। सपा का कहना है कि बीजेपी इस दौरे को राजनीतिक रूप देने की कोशिश कर रही है।

2 महीने बाद राष्ट्रपति का दूसरा यूपी दौरा
आपको बता दें कि राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद जून में भी उत्तर प्रदेश के दौरे पर आए थे, जहां वो अपने गृहनगर कानपुर और राजधानी लखनऊ गए थे। 2 महीने के बाद राष्ट्रपति के दौरे को लेकर सपा ने बीजेपी को घेरा है। अयोध्या में समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और अखिलेश यादव के नेतृत्व वाली सपा सरकार में मंत्री रहे पवन पांडे ने बीजेपी पर राष्ट्रपति के दौरे का राजनीतिकरण करने का आरोप लगाया है।

राष्ट्रपति के दौरे का सियासी लाभ लेना चाहती है BJP- सपा
NDTV के साथ बातचीत में पवन पांडे ने कहा है, "वैसे तो राष्ट्रपति अपनी इच्छानुसानर कहीं की भी यात्रा करने के लिए स्वतंत्र हैं, लेकिन बीजेपी जो है राष्ट्रपति की यात्रा से राजनीतिक लाभ हासिल करने की कोशिश कर रही है। मुझे यह कहने में कोई संकोच नहीं है कि यह दौरा भारत के राष्ट्रपति का नहीं बल्कि बीजेपी के किसी वरिष्ठ नेता का लग रहा है। भाजपा 2022 के विधानसभा चुनावों के लिए राष्ट्रपति पद का भी इस्तेमाल कर रही है।"

बीजेपी ने आरोपों को किया खारिज
वहीं सपा के इन आरोपों को बीजेपी ने सिरे से खारिज किया है। बीजेपी के लोकसभा सांसद लल्लू सिंह ने एनडीटीवी को बताया है कि विपक्ष का काम तो हर तरह के आरोप लगाना है, उन्हें ऐसा करने दीजिए, ऐसा कुछ नहीं है कि बीजेपी राष्ट्रपति की यात्रा का सियासी लाभ लेना चाहती है, वो राष्ट्रपति हैं, वो कहीं भी आ और जा सकते हैं।

ये है राष्ट्रपति के दौरे का कार्यक्रम
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद गुरुवार से चार दिन के यूपी दौरे पर हैं। दौरे की शुरुआत लखनऊ में बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह के साथ हुई। रामनाथ कोविंद रविवार को अयोध्या जाएंगे, जहां वो रामलला के दर्शन करेंगे। इससे पहले शनिवार को राष्ट्रपति गोरखपुर जाएंगे, जहां वो आयुष यूनिवर्सिटी का शिलान्यास करेंगे और गोरक्षनाथ विश्वविद्यालय में अस्पताल भवन का भी उद्घाटन करेंगे।
ये भी पढ़ें: अखिलेश यादव ने कहा- छलकपट से यूपी में विकास की सुई पीछे करना चाहती है BJP












Click it and Unblock the Notifications