सहारनपुर: मंदिर में कुछ नहीं मिला तो शिवलिंग ही चोरी कर ले गए चोर
सहारनपुर में स्थित एक रविदास मंदिर से चोरों को जब कुछ नहीं मिला तो वह शिवलिंग ही चोरी कर ले गए। सुबह इस घटना का पता चलने पर पुलिस के हाथ पांव फूल गए।
सहारनपुर। जातीय हिंसा से अंशात हो चुके यूपी के सहारनपुर में हालात को पटरी पर लाने के लिए जहां शासन-प्रशासन जी-तोड़ प्रयास कर रहा है, वहीं अमन चैन को पलीता लगाने का प्रयास करने वाले अपनी हरकतों से बाज नही आ रहे है। शनिवार की रात थाना जनकपुरी के सिंभालका जुनारदार स्थित रविदास मंदिर से चोरों को जब कुछ नहीं मिला तो वह शिवलिंग ही चोरी कर ले गए। सुबह इस घटना का पता चलने पर पुलिस के हाथ पांव फूल गए। सीओ कई थानों का फोर्स लेकर गांव में पहुंचे और ग्रामीणों से बातचीत की।

शिवलिंग गायब देख श्रद्धालुओं की लगी भीड़
शब्बीरपुर प्रकरण में हुई हिंसा के परिणाम सभी के सामने है इसे लेकर दिल्ली और लखनऊ तक हलचल मची हुई है। शासन-प्रशासन के प्रयास से जनपद का माहौल अब पटरी पर लौट रहा है मगर जनपद में अराजकता और अशांति का राज कायम करने का प्रयास करने वाले अपनी हरकतों से अब भी बाज नहीं आ रहे। शनिवार की रात थाना जनकपुरी क्षेत्र स्थित गांव सिंभालका जुनारदार रविदास मंदिर से शिवलिंग चोरी कर लिया गया। रविवार की सुबह जब मंदिर के कपाट खोले गए, तो शिवलिंग गायब देख मौके पर श्रद्धालुओं की भीड़ जमा हो गई।

घटना के पीछे उपद्रव की थी मंशा
पुलिस को जब शिवलिंग गायब होने की सूचना दी गई, तो पुलिस के भी हाथ पांव फूल गए। इस घटना के पीछे उपद्रवियों की मंशा साफ नजर आ रही थी। अभी शब्बीरपुर प्रकरण पूरी तरह दब भी नहीं पाया है ऐसे में इस तरह की घटनाएं आग में घी डालने का काम कर सकती हैं। इन सबको देखते हुए सीओ द्वितीय अब्दुल कादिर, थाना जनकपुरी इन्स्पेक्टर शोएब मिया, देहात कोतवाली इन्स्पेक्टर एसके राणा भारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से बातचीत की। माहौल खराब न होने पाये, इसे लेकर भी पुलिस अधिकारियों में गांव के सभी वर्गो के जिम्मेदार लोगों से अलग से वार्ता की।

गांववालों ने शांति से लिया काम
ग्रामीणों का कहना था कि उनके गांव का माहौल सौहार्द पूर्ण है और वह किसी सूरत में इसको पलीता नहीं लगाने देंगे। मंदिर कमेटी के पदाधिकारियों ने भी स्वयं ही शिवलिंग की व्यवस्था कर खुद ही मंदिर में स्थापित करा लेने की बात कही, जिसके बाद पुलिस फोर्स गांव से लौट आया और जनपद का माहौल एक बार फिर खराब करने का मंसूबा रखने वालो के मंसूबे धरे के धरे रह गए।












Click it and Unblock the Notifications