सहारनपुर: खुले में कुर्बानी को लेकर इतना बढ़ा विवाद कि एक-दूसरे के खून के प्यासे हो गए लोग
सहारनपुर। बकरा ईद पर खुले में कुर्बानी करने को लेकर हुए विवाद में एक ही समुदाय के दो पक्ष आपस में भिड़ गए। देखते ही देखते गांव में तनाव की स्थिति पैदा हो गई। एक पक्ष के लोगों द्वारा कुछ वाहनों में आगजनी और पथराव किए जाने की भी खबर है। जानकारी मिलते ही भारी मात्रा में पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। गांव में बनी तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल को तैनात किया गया है।

सहारनपुर जनपद के थाना फतेहपुर क्षेत्र के गांव चौबारा में बुधवार सुबह ईद उल अजहा की नमाज शांतिपूर्वक अदा की गई। इसके बाद सभी लोग अपने अपने घर पहुंचे और कुर्बानी की तैयारी करने लगे। बताया जाता है कि गांव का ही रहने वाले एक व्यक्ति ने गांव में खाली पड़े अपने प्लॉट में पशु की कुर्बानी देनी चाही तो खुले में कुर्बानी दिए जाने का विरोध करते हुए गांव के कुछ लोगों ने इसका विरोध किया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। कहासुनी इतनी बढ़ गई कि दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ डटे और एक दूसरे पर पथराव शुरू कर दिया। बताया जाता है कि इस दौरान कुछ लोगों ने गांव में खड़े कुछ वाहनों को भी आग के हवाले कर दिया। इस संघर्ष में आधा दर्जन लोगों को चोट आई है। जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक उपेंद्र अग्रवाल और अन्य पुलिस प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामला शांत कराया। उपद्रव करने वाले चार लोगों को हिरासत में लिया गया है। एसएसपी ने बताया कि फिलहाल गांव में शांति है और पुलिस फोर्स तैनात कर दिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications