दलितों के हिंसात्मक प्रदर्शन का जवाब 10 अप्रैल को देने को तैयारी कर रहे हैं सवर्ण, अलर्ट जारी
सहारनपुर। SC/ST एक्ट के विरोध में और 2 अप्रैल को हुए दलितों के विरोध प्रदर्शन के जवाब में दूसरे समाज के लोगों ने 10 अप्रैल को प्रस्तावित बंद का आह्नवान किया है। इसके लिए सोशल मीडिया पर पूरी तरह से माहौल बनाया जा रहा है। 10 अप्रैल को संभावित विरोध प्रदर्शन और 14 अप्रैल को आयोजित होने वाले अंबेडकर जयंती के कार्यक्रमों को देखते हुए सहारनपुर मंडल में अलर्ट घोषित कर दिया गया है। किसी भी अनहोनी से बचने के लिए चप्पे-चप्पे पर अभी से भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। 2 अप्रैल को एससी एसटी एक्ट में बदलाव के विरोध को लेकर विभिन्न दलित संगठनों ने पूरे भारत में बंद का आह्वान किया था। इसे लेकर कई जगह हिंसा हुई और कई मौतें भी हुई। इस बार एससी एसटी एक्ट के विरोध में दूसरे संगठनों ने 10 अप्रैल को बंद का आह्वान कर आग में घी झोंकने का काम किया है। इसे लेकर जहां जनपद में तनाव है वहीं पुलिस प्रशासन भी अभी से पूरी तरह चौकन्ना हो गया है और जनपद में अलर्ट भी घोषित कर दिया गया है।

दो अप्रैल को दलित समाज के द्वारा किए गए प्रदर्शनों के बाद दूसरे समाज के लोगों द्वारा 10 अप्रैल को बंद काआह्वान किया गया है। इसके लिए खुलकर भले ही अभी कोई संगठन कमान संभालने के लिए आगे नहीं आया है, लेकिन सोशल मीडिया पर इसका प्रचार जमकर चल रहा है। दूसरे पक्ष के द्वारा भी इस प्रदर्शन का जवाब 14 अप्रैल को दिए जाने के दावे किए जा रहे हैं। 14 अप्रैल को अंबेडकर जयंती पर सभी राजनीतिक दलों के साथ ही अन्य दलित संगठनों के द्वारा भी कार्यक्रमों का आयोजन किया जाना है। मंडल के कैराना लोकसभा सीट पर उपचुनाव होना है और माना जा रहा है कि मई में इसके लिए मतदान हो जाएगा। ऐसे में पूरे मंडल में संवेदनशीलता बढ़ी हुई है और इसको लेकर अधिकारी भी सतर्क हैं। कमिश्नर सीपी त्रिपाठी ने बताया कि 10 और 14 अप्रैल को पूरे मंडल में अलर्ट घोषित किया गया है। सभी स्थानों पर अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपते हुए क्षेत्र में सर्तक रहने के निर्देश दिए गए हैं और गांव-गांव में बैठकों का आयोजन किया जा रहा है। उनका प्रयास है कि क्षेत्र में कोई असामाजिक तत्व माहौल बिगाड़ने का प्रयास न कर सके।
ये भी पढ़ें- मोबाइल खरीदने का शौक लिए कमाने निकला बच्चा, मौत के मुंह में समा गया












Click it and Unblock the Notifications