छह साल की बच्ची ने लिखी पीएम मोदी को चिट्ठी, पढ़कर नहीं रोक पाएंगे अपने आंसू
सहारनपुर। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में एक छह साल की बच्ची ने पीएम मोदी को बेहद भावुक चिट्ठी लिखी है। पिता की बीमारी के इलाज के लिए पीएम मोदी से आर्थिक मदद को लेकर लिखी गई चिट्ठी को पढ़कर शायद ही आप अपने आंसू रोक सकें। बता दें कि करीब एक साल पहले बच्ची के पिता एक सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए थे और तब से वह कोमा में हैं। तब से पिता का लगातार इलाज चल रहा है। लेकिन अब घर की माली हालत इतनी खराब हो चुकी है कि आगे के इलाज के लिए पैसे जुटाने मुश्किल हो गए हैं। इसके लिए इस नन्हीं सी जान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अपने पापा की जान बचाए जाने की गुहार लगाई है।

कोमा में हैं बच्ची के पिता
मामला गंगोह ब्लाक के गांव अलीपुरा का है। यहां के रहने वालेअरूण फोटोग्राफी का काम करते थे। लेकिन करीब एक वर्ष पूर्व वह थाना मिर्जापुर क्षेत्र के एक गांव में फोटोग्राफी कर बाइक से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान एक ट्रैक्टर-ट्राली ने उनकी बाइक में पीछे से टक्कर मार दी थी। जिससे उन्हें गंभीर चोटें आई थी और वह कोमा में चले गए थे। परिवार में अरुण ही इकलौता कमाने वाला शख्स था। दुर्घटना से 15 दिन पूर्व ही उसकी पत्नी ने एक बेटे को जन्म दिया था। अरूण की पांच साल की बेटी ईशु उस वक्त 5 साल की थी। अरूण के पिता और भाई मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। अरुण की एक बहन है जिसकी अभी तक शादी नहीं हुई है।
परिवार का माली हालत बेहद खराब
दुर्घटना के बाद अरूण की पत्नी ने जगाधरी, हरियाणा में उसका उपचार कराया, परंतु गंभीर हालत के चलते उसे वहां से पीजीआई चंडीगढ रेफर कर दिया गया। करीब एक साल तक उपचार कराने के बाद भी उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ और उनकी सारी जमा पूंजी भी खत्म हो गई। इसके बाद अरूण के परिजन उसे घर ले आए। अरूण की पुत्री ईशु से अपने पिता की हालत और माता की बेबसी देखी नहीं गई। उसने परिवार की बेहद खराब आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर अपने पिता का उपचार कराने का आग्रह किया है। पत्र में बच्ची ने एक साल से कोमा में पड़े पिता के लिए मदद की गुहार लगाई है। पत्र में बच्ची ने बताया कि पिता के इलाज में सारे पैसे खर्च हो चुके हैं। इससे परिवार की आर्थिक स्थिति इतनी खराब हो चुकी है कि पिता का इलाज कराना दूर घर में खाने के लिए भी कुछ नहीं है। बच्ची को पूरा विश्वास है कि पीएम मोदी उसके पत्र का संज्ञान लेकर उनकी मदद अवश्य करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications