Opposition Unity: पटना में 23 जून की विपक्ष एकता बैठक से जयंत चौधरी ने बनाई दूरी! मीटिंग में नहीं होंगे शामिल
Opposition Unity Meet: बिहार की राजधानी पटना में शुक्रवार (23 जून) को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अगुवाई में विपक्ष एकता की अहम बैठक होने जा रही है। इस बैठक में सभी विपक्षी दल एक मंच पर आकर आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर बड़ा फैसला कर सकते हैं।
इस बीच खबर आई है कि राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) प्रमुख जयंत चौधरी पटना में होने वाली विपक्ष की बैठक में शामिल नहीं होंगे। इसके लिए उन्होंने बैठक के मेजबान बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को एक पत्र भी लिखा है।

रालोद प्रमुख जयंत चौधरी ने पारिवारिक समारोह का हवाला देते हुए कहा कि वह पटना में होने वाली विपक्ष की बैठक में शामिल नहीं होंगे। उन्होंने नीतीश कुमार को लिखे पत्र में कहा कि वह एक पारिवारिक समारोह के कारण पटना में बैठक में शामिल नहीं हो पाएंगे।
पत्र लिखकर बताया कारण
पत्र में जयंत चौधरी ने बताया कि चूंकि पारिवारिक समारोह पहले से निर्धारित था, इसलिए वह बैठक में भाग नहीं ले पाएंगे। चौधरी ने लिखा कि आगामी 23 जून 2023 को पटना में होने वाली विपक्ष दलों की बैठक में अपने पूर्व निर्धारित पारिवारिक कार्यक्रम के चलते मैं भाग न से सकूंगा।
बीजेपी के खिलाफ रणनीति होगी तैयार
इसी के साथ उन्होंने विपक्ष की बैठक की सफलता के लिए नीतीश कुमार को बधाई भी दी। आपको बता दें कि विपक्ष की बैठक के लिए लगभग 20 दलों के विपक्षी नेताओं का दल पटना में जुटने वाला है, जहां वे अगले साल के लोकसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी से मुकाबला करने के लिए एक संयुक्त रणनीति बनाने की कोशिश करेंगे।
कई पार्टियां होंगी बैठक ंमें शामिल
इस बैठक को बिहार सीएम और जेडीयू नेता नीतीश कुमार ने बुलाई है, जो विपक्षी एकता बनाने के अपने प्रयासों को लेकर लगातार गैर भाजपाई गठबंधन वाले दलों से मुलाकात कर रहे हैं। बैठक में कांग्रेस नेता राहुल गांधी और पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सुप्रीमो ममता बनर्जी, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और डीएमके नेता एमके स्टालिन, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) प्रमुख शरद पवार और आम आदमी पार्टी सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल के शामिल होने की उम्मीद है।












Click it and Unblock the Notifications