जनरेटर के अंदर फंसा था अनोखा जीव, इसके मल से बनी Coffee की कीमत 6 हजार रुपए प्रति कप
अगरा के एक कॉलेज में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब लोगों ने बिजली जनरेटर के अंदर एक अनोखे जीव को फंसे देखा। जिसके बाद वहां देखते ही देखते लोगों की भीड़ जमा हो गई। इसकी सूचना वाइल्डलाइफ एस.ओ.एस की समर्पित टीम को भी दी गई, जिन्होंने इस जीव का रेस्क्यू कर उसे उसके प्राकृतिक आवास में वापस छोड़ दिया।
बता दें कि पूरा मामला आगरा के आनंद इंजीनियरिंग कॉलेज का है। यहां कॉलेज के स्टाफ ने देखा कि कॉलेज परिसर में रखे बिजली जनरेटर के अंदर एक 'सीविट कैट' फंसी हुई है। जिसके बाद वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई। वहीं कॉलेज स्टाफ ने इस 'सीविट कैट' की मदद के लिए तुरंत एनजीओ की आपातकालीन बचाव हेल्पलाइन पर वाइल्डलाइफ एस.ओ.एस से संपर्क साधा।

त्वरित प्रतिक्रिया देते हुए, वाइल्डलाइफ एस.ओ.एस से दो सदस्यीय रैपिड रिस्पांस यूनिट कॉलेज परिसर पहुंची। जहां उन्होंने जनरेटर के भीतर फंसे हुए सिवेट का पता लगाया और बचाव अभियान को अंजाम दिया। अत्यंत सावधानी और सटीकता के साथ, टीम ने कुशलतापूर्वक उसे खतरनाक स्थिति से बाहर निकाला।
इस जीव के मल से बनती है सबसे महंगी कॉफी
बताते चलें कि एशियन पाम सिवेट, जिसे टोडी कैट भी कहा जाता है, एक लंबी नेवले जैसा दिखाई देने वाला जीव है, जो विभिन्न प्रकार के आवास और परिस्थिति में जीवित रहता है। यह दक्षिण और दक्षिण पूर्व एशिया का मूल निवासी है और यह प्रजाति वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की अनुसूची-II के तहत संरक्षित है।

सिवेट कैट बीजों के फैलाव में प्रमुख योगदान निभाती हैं क्योंकि वे अक्सर फल, जामुन और कॉफी बीन्स खाते हैं और उनके बीज गिरा देते हैं। खास बात तो ये है कि इसके मल से दुनिया की सबसे महंगी कॉफी तैयार की जाती है। इसके एक कप की कीमत करीब छह हजार रुपये है। बिल्ली की तरह दिखने वाले इस जीव की आंतों से गुजरने के बाद कॉफी बींस का स्वाद ज्यादा बेहतर हो जाता है।












Click it and Unblock the Notifications