30 सितंबर तक यूपी में समारोहों, जुलूसों, सभाओं पर प्रतिबंध, कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार ने उठाया कदम
लखनऊ। कोरोना वायरस संक्रमण के प्रसार से बेहाल उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था की चुनौतियों से निपटने के लिए योगी आदित्यनाथ सरकार कदम उठा रही है। सरकार ने सार्वजनिक कार्यक्रमों, आयोजनों, समारोहों, धार्मिक उत्सवों और राजनीतिक सभाओं पर 30 सितंबर तक के लिए प्रतिबंध लगा दिया गया है। अपर मुख्य सचिव अवनीश अवस्थी ने शासनादेश जारी किया जिसमें बताया गया है कि तीस सितंबर तक सभी तरह के जुलूस और आयोजन बंद रहेंगे। शासन का कहना है कि अगर इस तरह के आयोजन हुए तो असामाजिक तत्व सांप्रदायिक सद्भाव को बिगाड़ने की कोशिश कर प्रदेश में कानू-व्यवस्था का माहौल खराब कर सकते हैं।
Recommended Video

अपर मुख्य सचिव अवनीश अवस्थी ने जो शासनादेश जारी किया है उसके मुताबिक लोगों को घरों में ताजियों और मूर्तियों को स्थापित करने पर कोई प्रतिबंध नहीं है लेकिन सार्वजनिक तौर पर यह करने पर मनाही है। 30 सितंबर तक जुलूस या झांकी नहीं निकाले जा सकेंगे। इस शासनादेश को सभी जिलों के डीएम, पुलिस अधिकारियों, पुलिस कमिश्नर, एडीजी जोन और आईजी-डीआईजी रेंज को भेज दिया गया है। पुलिस प्रशासन से कहा गया है कि वे प्रदेश के धार्मिक स्थलों जैसे श्री कृष्ण जन्मभूमि मथुरा, श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र अयोध्या, श्री काशी विश्वनाथ मंदिर वाराणसी, ऐतिहासिक स्मारक ताजमहल की सुरक्षा-व्यवस्था का पुख्ता इंतजाम करें। शासन का कहना है प्रदेश का माहौल खराब करने की कोशिश में लगे असामाजिक तत्व मौके का फायदा न उठाने पाएं, इसके लिए पुलिस-प्रशासन को कड़ी निगरानी करने के निर्देश जारी किए गए हैं।

कानून-व्यवस्था को लेकर विपक्षियों के निशाने पर योगी सरकार
प्रदेश में बढ़ते अपराध और कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर योगी सरकार लगातार विपक्षियों के हमले झेल रही है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी इसको लेकर लगातार हमलावर रही हैं। मंगलवार को दो ट्वीट के जरिए प्रियंका गांधी ने प्रदेश में अपराध का ग्राफ सरकार के सामने रखा है।

उन्होंने घटनाओं को शेयर करते हुए लिखा कि यूपी सरकार बार-बार अपराध की घटनाओं पर पर्दा डालती है मगर अपराध चिंघारते हुए प्रदेश की सड़कों पर तांडव कर रहा है। दूसरे ट्वीट में उन्होंने कहा कि तीन महीने में तीन पत्रकार की हत्या हो गई और खबर लिखने के चलते 11 पत्रकारों पर एफआईआर। प्रदेश में मीडिया की सुरक्षा और स्वतंत्रता पर प्रियंका गांधी ने सरकार को घेरा।












Click it and Unblock the Notifications